Saturday, June 18, 2011

पुनर्जन्म होता है या नहीं?

विनय बिहारी सिंह




कोलकाता में पिछले दो दिनों से बारिश हो रही है। आज मौसम कैसा रहेगा, इसकी जानकारी के लिए घर से निकलने के पहले टीवी से हाल जानना चाहा। एक समाचार चैनल पर राजस्थान के आठ साल के बच्चे अवतार के पुनर्जन्म को लेकर एक स्टोरी चल रही थी। अवतार के घर के लोगों ने बताया कि दो- ढाई साल पहले उसने कहना शुरू किया कि उसकी हत्या हुई है। वह पंजाब के अमुक गांव का रहने वाला है। (मैं गांव का नाम भूल गया)। एक दिन वह बीमार पड़ा। घर के लोग डाक्टर के पास ले गए। वहां डाक्टर ने पूरी कहानी सुनी तो कहा कि इस बच्चे को वहां ले जाइए जहां वह पिछले जन्म में होने की बात कह रहा है। डाक्टर की सलाह पर अवतार के घर वाले उसे पंजाब ले गए। बस अड्डे से वह बिना किसी से पूछे, सीधे अपने पूर्व जन्म के घर की ओर चल पड़ा। उसने पूर्व जन्म के घर वालों को पहचान लिया। फिर उसे एल्बम दिखाया गया। उसने अपने पूर्व जन्म के सारे रिश्तेदारों को पहचान लिया। अपनी बहनों को पहचान लिया। उसने कहा कि उसने किसी को रुपए दिलाए थे। उसी ने रुपए लूटने के लिए उसकी हत्या कर दी। हत्या के ठीक नौ महीने बाद वह राजस्थान के इस गांव में पैदा हुआ। अवतार ने पंजाब के एक थाने में अपनी हत्या की रिपोर्ट लिखा आया है। टीवी की एंकर कह रही थी कि पुलिस इस असमंजस में है कि वह इस मामले का क्या करे। अदालत भी पता नहीं पूर्व जन्म के इस मामले को किसी दृष्टि से देखे। अंत में टीवी एंकर ने कहा- पता नहीं पूर्व जन्म होता भी है या नहीं?
इससे स्पष्ट हो गया कि टीवी एंकर ने मान्य धार्मिक ग्रंथों को नहीं पढ़ा है। पवित्र ग्रंथ- भगवत गीता (जिसे यूरोप में हिंदुओं की बाइबिल कहा जाता है,) में साफ- साफ कहा गया है कि पूर्व जन्म होता है। स्वयं भगवान कृष्ण ने अर्जुन से कहा है-‍ ‍‍हे अर्जुन, मेरे और तेरे अनेक जन्म हो चुके हैं। लेकिन तू उनको नहीं जानता। मैं जानता हूं।
इसके अलावा ईसाइयों के पवित्र ग्रंथ बाइबिल में भी पूर्व जन्म की बात स्पष्ट रूप से कही गई है। स्वयं जीसस क्राइस्ट और उनके गुरु के पूर्व जन्म का उल्लेख है। संभव है इस टीवी एंकर ने भगवत गीता या बाइबिल न पढ़ी हो।

No comments: