Monday, September 28, 2009

भगवान को जानना है तो शरणागति जरूरी

विनय बिहारी सिंह

मेरे एक परिचित ने अपने मन की बात बताई। उन्होंने कहा-
हर चीज भगवान पर कैसे छोड़ सकते हैं। आखिर मनुष्य को अपना कर्तव्य तो करना ही पड़ेगा। । कभी- कभी शक होता है कि पता नहीं भगवान काम पूरा करेंगे कि नहीं। इसलिए भगवान को भी याद करते हैं और कर्तव्य में भी लगे रहते हैं।
उनकी शंका को समझा जा सकता है। जब आप भगवान को आधे- अधूरे ढंग से मानेंगे तो यह शक होगा ही। गीता में भगवान कृष्ण ने कहा है- संशयात्मा विनश्यति। यानी संशय से कोई काम नहीं करना चाहिए। जिन लोगों को यह विश्वास नहीं है कि भगवान हैं या नहीं, उन्हें भगवान को याद कर कोई काम नहीं करना चाहिए। यह बात तो सिद्ध है कि जन्म से पहले हम कहीं थे और मृत्यु के बाद भी कहीं रहेंगे। गीता में कहा गया है कि जन्म और मृत्यु के बीच में हमारा जीवन है। लेकिन ईश्वर हमारे साथ हमेशा रहते हैं। अब यह प्रश्न तो उचित नहीं है कि जब ईश्वर है तो दिखाई क्यों नहीं देता। अरे भाई उसने यह पूरी सृष्टि बना दी है। इससे क्या आप अंदाजा नहीं लगा सकते कि इसका बनाने वाली कोई असीमित ताकत है? हां, अगर उस ताकत को देखना चाहते हैं तो उसके नियम हैं। हर चीज का नियम है। आप चावल भी पकाते हैं तो उसका एक नियम है। रोटी भी पकाते हैं तो उसकी एक पद्धति है। ठीक इसी तरह अगर आपको भगवान को देखना है तो आपको किसी ईश्वरप्राप्त व्यक्ति से साधना सीखनी पड़ेगी, आपको उसका अभ्यास करना पड़ेगा। जब आप इस अभ्यास या साधना में सिद्ध हो जाएंगे तो भगवान आपको दर्शन देंगे। लेकिन अगर आप चाहेंगे कि आपकी मर्जी से भगवान आपको दर्शन दें तो यह कैसे संभव है? भगवान अपनी मर्जी से दर्शन देंगे। अब आप कहें कि यह सब फालतू बातें हैं। ऐसे व्यक्ति को हम कहां ढूढें जो ईश्वरप्राप्त है, और साधना का समय नहीं है। तो फिर आपको वह बात मान लेनी चाहिए जिसे महान संतों, ऋषि- मुनियों या सन्यासियों ने कही है। उन्होंने कहा है कि आप पूर्ण विश्वास के साथ ईश्वर को याद कीजिए। उनका नाम- जप कीजिए। पूर्ण शरणागति चाहिए। तब भगवान खुद ही दर्शन देंगे। कब दर्शन देंगे, यह वे ही जानते हैं। लेकिन दर्शन देंगे जरूर। आप पूर्ण शरणागति की स्थिति में तो जाइए। तर्क से तो कुछ नहीं होता। तर्क करने से चावल नहीं पक सकता। वह तो तभी पकेगा जब आप चावल पकाने की विधि अपनाएंगे। आप चाहे लाख इंटेलेक्चुअल बातें कीजिए, चावल नहीं पक सकता। आप चाहे अनपढ़ हों या महान पंडित, चावल पकाने के लिए एक खास पद्धति अपनानी पड़ेगी। ठीक उसी तरह इंटेलेक्चुअल बातें करते रहने से भगवान के बारे में हम नहीं जान सकते। उसके लिए शरणागति ही एक मात्र उपाय है। (आज के बाद ८ दिन बाद भेंट होगी- विनय बिहारी सिंह )

Saturday, September 26, 2009

मन ही सारे प्रपंचों की जड़

विनय बिहारी सिंह

उपनिषदों में कहा गया है- मन एव मनुष्याणां कारणं बंध मोक्षयो। यानी मन ही मनुष्य के बंधन और मोक्ष का कारण है। मन ही हमें भरमाता रहता है और तरह- तरह की कामनाएं पैदा करता रहता है। यानी- यह भोजन करता तो कितना आनंद आता? अमुक से मिलता तो क्या ही अच्छा होता। या यह ड्रेस पहनता तो कितना अच्छा लगता? या अमुक जगह घूमने जाता तो कितना अच्छा होता। हजार- हजार कामनाएं। लेकिन जब आप वह शौक पूरा कर लेते हैं तो मन वहीं नहीं रुकता। फिर कोई कामना लेकर आपको बेचैन करने लगता है। यानी कामनाओं का अंत नहीं है। जब तक जीवन है तब तक कामनाएं हैं। तो फिर इन कामनाओं पर लगाम कैसे लगाई जाए? विवेक से। एकमात्र उपाय विवेक ही है। हमें जितनी जरूरत है, उसी से काम चलाएं। अपनी इच्छाओं को बेलगाम न होने दें। जैसे भोजन बनाने के लिए हर वस्तु की एक निश्चित मात्रा होती है, तभी स्वादिष्ट भोजन बनता है, उसी तरह मन को भी ईश्वर पर केंद्रित करने से अनावश्यक लोभ और कामनाएं खत्म होने लगती हैं। तब आपको लगता है कि यह शरीर भी तो आपका अपना नहीं है। इसे ईश्वर ने आपको दिया है- आपके माता- पिता के माध्यम से। जब यह शरीर ही हमारा नहीं है तो इस पर जरूरत से ज्यादा ध्यान देने का मतलब क्या है? क्यों न हम उस मालिक पर ध्यान दें, जिसने यह शरीर दिया है। आप भगवान से कह सकते हैं- हे भगवान, जैसे आपने यह मेरा शरीर दिया है, उसी तरह कृपा करके दर्शन भी दीजिए। यह शरीर तो एक दिन छोड़ना ही पड़ेगा। चाहे यह कितना भी सुंदर क्यों न हो। तो जब इसे मैं सदा अपने साथ नहीं रख सकता तो फिर जरूरत से ज्यादा आसक्ति क्यों? हे भगवान आप ही मेरे साथ हमेशा रहेंगे। चाहे जीवन में या मृत्यु के बाद। हे प्रभो, दर्शन दीजिए। बस भीतर से गहरी श्रद्धा से की जाने वाली आपकी पुकार को भगवान अनसुनी नहीं कर सकते।

Friday, September 25, 2009

चामुंडा देवी यानी शक्ति रूपिणी मां

विनय बिहारी सिंह

कर्नाटक में जिसे देवी चामुंडा कहते हैं, महाराष्ट्र में जिसे संतोषी मां और मां भवानी कहते हैं, जम्मू- कश्मीर में जिसे वैष्णव देवी कहते हैं, असम में जिसे कामाख्या कहते हैं, गुजरात में जिसे भद्रकाली कहते हैं और पश्चिम बंगाल में जिसे मां दुर्गा और काली कहते हैं, उसी मां के पूजन का समय चल रहा है। उसी मां ने महिषासुर का वध किया था इसीलिए उनका नाम महिषासुरमर्दिनी पड़ा। पूर्वी भारत में मां दुर्गा और इसके बाद दीपावली के दिन काली पूजा होती है, हमारे उत्तर भारत में विजयादशमी मनाई जाती है। उसी को पूर्वी भारत में दुर्गापूजा कहा जाता है। विजयादशमी भी रावण पर भगवान राम की विजय का प्रतीक है। विभिन्न प्रांतों में शक्तिरूपिणी मां का अलग- अलग नाम है, अलग- अलग रूप है। कहीं तो उनका रूप छिन्नमस्ता भी है। मां तारा भी वही कही जाती हैं। तो कुल मिला कर सार यही है कि असुर प्रवृत्ति पर देव प्रवृत्ति की विजय। देवता औऱ असुर दोनों ही हमारे भीतर हैं। अगर हम अपने भीतर के असुर को पुष्ट करेंगे, उसकी कही सुनेंगे तो हमारा पतन होगा। लेकिन अगर हम अपने भीतर के देवता की बात सुनेंगे तो सुखी और आनंद में रहेंगे। यह दुर्गापूजा का त्यौहार या दशहरा या विजयादशमी का त्यौहार हमें अपने भीतर के देवता को और पुष्ट करने के लिए प्रेरित करता है।

Thursday, September 24, 2009

मन की सफाई- भाग २

विनय बिहारी सिंह

मन की सफाई के बारे में रामकृष्ण परमहंस ने कहा है- जैसे लोटा रोज मांजना पड़ता है, उसी तरह अपना अंतःकरण भी रोज मांज लेना चाहिए। यानी आत्मविश्लेषण के बाद हर रात आप यह दृढ़ निश्चय कर सकते हैं- जो हुआ सो हुआ, अब कल से बेहतर शुरूआत करेंगे। और अगले ही दिन से आप पिछले दिन की तुलना में प्रसन्न मन से काम में जुट जाते हैं। अब तक आप जान चुके होते हैं कि क्रोध या घृणा का कोई फायदा नहीं है। नुकसान ही नुकसान है। क्रोध से हमारे शरीर में हानिकारक हारमोन पैदा होते हैं और तंत्रिका तंत्र पर बेहद बुरा प्रभाव पड़ता है। अगर आपने क्रोध में किसी को कुछ बोल दिया तो बाद में आप पाएंगे कि आपके भीतर अफसोस जैसी बात भी आ जाती है। आपका मन कहेगा- बेकार ही गुस्से में आ गया। पूरा दिन खराब हो गया। अब यह अफसोस भी आपके शरीर पर बुरा ही प्रभाव डालता है। इसलिए क्रोध, घृणा या तनाव को झटक कर आप शांत भाव से दिन के शुरू में ही भगवान से प्रार्थना कीजिए- हे भगवान, आज का दिन खूब शांति औऱ आनंद के साथ बीते। फिर रात को सोते समय भगवान से प्रार्थना कीजिए- हे भगवान, आपने मुझे यह दिन शांति से बिताने में मदद की इसके लिए मैं आपका आभारी हूं। इस तरह लगभग दिनचर्या बना कर आप शांतिमय जीवन गुजार सकते हैं। क्योंकि जितना ज्यादा कचरा हमारे भीतर रहता है, हम उतने ही तनाव में रहते हैं। एक बार सारा कचरा साफ हो जाए, बस आनंद ही आनंद है। जैसे हम लोग शरीर में इकट्ठे कचरे को साफ करने के लिए उपवास करते हैं, उसी तरह मन को साफ करने के लिए भी यह तय करना पड़ेगा कि आज हम मन पर कोई तनाव नहीं पड़ने देंगे और मन में बुरे या निगेटिव विचार नहीं आने देंगे। ऐसा कोई एक दिन तय कर लिया जाए। एक दिन उपवास का और एक दिन मन की सफाई का। फिर देखिए क्या ही आनंद है आपके जीवन में। लेकिन इसका परिणाम तुरंत नहीं मिलेगा, महीने या डेढ़ महीने बाद मिलना शुरू होगा। बीच बीच में आप अपने को चेक करते रहिए- क्या मुझे पहले से कम क्रोध आ रहा है? क्या मैं पहले की तुलना में खाने की चीजों पर कम टूट पड़ता हूं। क्या दिन भर मैं सकारात्मक विचार के साथ रहा या खराब विचार भी मेरे मन में आए? ऐसा करते करते आप पाएंगे कि आपमें गजब का सुधार हो रहा है। यही तो हम सभी चाहते हैं कि मन शांत हो, आनंदमय हो और वह ईश्वर में लगा रहे। मन जितना शांत होगा, उतना ही ईश्वर की तरफ आकर्षित होगा। ईश्वर यानी हम सबका परमप्रिय और सर्व शक्तिमान, सर्वव्यापी, सर्वग्य।

(मित्रों मैं २७ सितंबर से ९ दिनों के लिए शिमला जा रहा हूं। इस बीच इस ब्लाग पर कुछ लिख नहीं पाऊंगा।)

Wednesday, September 23, 2009

शरीर के साथ मन भी स्वस्थ होना चाहिए

विनय बिहारी सिंह

हम अपने शरीर को स्वस्थ रखने के लिए स्वच्छ हवा का सेवन, पौष्टिक और स्वच्छ भोजन, स्वच्छ वस्त्र और व्यायाम इत्यादि करते हैं। यह आवश्यक भी है। लेकिन हममें से कई लोग मन को स्वस्थ रखने पर ज्यादा विचार नहीं करते। मन को जहां- तहां घूमने देते हैं। जैसे मनुष्य जहां- तहां भटकता है और कपड़ों के अलावा शरीर पर न जाने कितनी धूल और गंदगी इकट्ठा हो जाती है। इसको साफ करने के लिए उस दिन नहीं तो अगले दिन हमें स्नान करना पड़ता है, उसी तरह मन को प्रति दिन साफ करना पड़ता है। कैसे? मन को साफ करने के लिए कौन सा साबुन या सर्फ है? वह साबुन है- ईश्वर का स्मरण। बस ईश्वर से यही प्रार्थना करनी चाहिए- हे ईश्वर मुझसे आज जाने-अनजाने जो भी गलती हुई हो, क्षमा करें और मुझे उचित राह पर चलने की प्रेरणा दें। संतों ने कहा है- दिन भर आपने जो कुछ किया है उसके मद्देनजर आत्मनिरीक्षण करें। कहीं आपसे ऐसा कुछ तो नहीं हुआ है कि जो नहीं करना चाहिए। क्या किसी से क्रोध में बोल दिया है? आपसे किसी तरह का दुर्व्यवहार हो गया है? वगैरह, वगैरह। यह है आत्मनिरीक्षण। इससे खुद को सुधारने का मौका मिलता है। गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कहा है- मनुष्य अपना खुद ही मित्र है और खुद ही शत्रु। इस तरह अपने भीतर झांकने का अभ्यास हमारे भीतर की मैल को साफ कर देता है। बस पांच- दस मिनट में यह काम हो जाएगा। आप रात को सोने से पहले यह काम कर सकते हैं। फिर नींद में जाने से पहले प्रार्थना अवश्य करनी चाहिए। कई लोग भगवान का ध्यान करते हैं। वे भाग्यशाली होते हैं। सोने से पहले और जागने के तुरंत बाद ईश्वर का ध्यान करना भाग्यशाली होना है। पांच मिनट ध्यान कर लिया फिर बाथरूम गए और दिन के काम की शुरूआत कर दी। लेकिन अगर मन में कोई तनाव, व्यथा, परेशानी या दुख, ऊब या बोरियत वगैरह है तो फिर सावधान हो जाना पड़ेगा। इसका मतलब है मन स्वच्छ नहीं है। तुरंत इसे साफ करना चाहिए। फिर आगे बढ़ना ठीक है। वरना मन पर परत दर परत मैल चढ़ती जाएगी। ठीक उसी तरह जैसे कपड़े को साफ न किया जाए तो वह इतना गंदा हो जाएगा कि बदबू करने लगेगा। मन तो बदबू नहीं करेगा लेकिन मनुष्य को डिप्रेसन या तनाव में डाले रहेगा। मनुष्य को चिड़चिड़ा बना देगा। या दुखी कर देगा। या मन में किसी बात का भय पैदा कर देगा। या कुछ नहीं तो नींद ही गायब कर देगा। यह सब मन के अस्वस्थ होने के परिणाम हैं। तो क्यों न मन को साफ करते चलें ताकि आगे बढ़ने में कोई दिक्कत न हो।

Tuesday, September 22, 2009

प्रगति का संकेत देते हैं हमारे पैर

विनय बिहारी सिंह

हमारी आंखें सामने की ओर हैं। हमारा पैर सामने की ओर है। क्यों? ताकि हम हमेशा विकास करें। मानसिक, आत्मिक और भौतिक भी। आंखें सामने की ओर हैं। आगे बढ़िए, सामने देखिए। पैर सामने हैं। पीछे चलना है तो आपको घूमना पड़ेगा और फिर सामने की ओर चलना पड़ेगा। हम खराब बातें क्यों सोचें? हां, हो सकता है हमारे जीवन में कोई घटना घटी हो जिससे हम आहत हुए हों। या हो सकता है किसी बात को लेकर आप में से कोई चिंतित हों या तनावग्रस्त हो जाते हों। ऐसे में हमें याद करना चाहिए कि हम तो ईश्वर की संतान हैं। वह हमें लगातार देख रहा है। हमारी देखभाल कर रहा है। चिंता किस बात की? बांग्ला भाषा में कहा जाता है कि मां काली भक्तों से कहती हैं- भय की रे पागल? आमी तो आछी ( डर किस बात का रे पागल? मैं तो हूं ही)। जब भी किसी कठिन स्थिति से गुजरिए, हमेशा भगवान को पुकारिए। वही हमारी समस्या का समाधान करेगा। वही हमारा मालिक है। ईश्वर कहते हैं कि मेरे पास सब कुछ है। बस एक ही चीज मैं चाहता हूं, जीवों का प्यार। हम कहते हैं- तो भगवन, यह भी तो आपके ही हाथ में है। सबके दिल में अपने प्रति प्यार क्यों नहीं पैदा कर देते? आपके लिए तो यह मामूली सी बात है? तब भगवान कहते हैं- नहीं। ऐसे प्यार का आनंद नहीं है। मैंने मनुष्य को फ्री विल या स्वतंत्र इच्छा दी है। वह उसका इस्तेमाल क्यों नहीं करता? मैं क्यों जबर्दस्ती अपने प्रति प्यार करूं। प्यार का तत्व तो मनुष्य के भीतर मैंने दे ही दिया है। वरना वह अपनी पत्नी से, बच्चों से, मित्र से प्रेमी से प्रेमिका से कैसे प्यार करता? जब जीव खुद प्यार से मुझे बुलाए तब मजा है। इसी आनंद का मैं इंतजार करता हूं। कोई मुझे प्यार से बुलाए, दिल में मेरे प्रति चाहत लाए तो मैं दौड़े चला आऊंगा। मैं उस व्यक्ति को और चाहूंगा। और प्यार तो खरीदना नहीं है। कम से कम यह तो मनुष्य मुझे दे ही सकता है।

Saturday, September 19, 2009

आज नवरात्र का पहला दिन

विनय बिहारी सिंह


आज नवरात्र का पहला दिन है। शक्तिदायिनी जगन्माता में श्रद्धा रखने वाले लोग आज व्रत करते हैं। कुछ लोग सिर्फ फलाहार करते हैं, कुछ फल का रस, वह भी एक गिलास सुबह और एक गिलास शाम को पीकर ही २४ घंटा बिता देते हैं। लेकिन कुछ लोग फलाहारी पकवान पेट भर कर खाते हैं, फिर भी कहते हैं कि आज उपवास है। एक संत का कहना है कि उपवास का शाब्दिक अर्थ है, उप- नजदीक वास- रहना। किसके नजदीक रहना? ईश्वर के नजदीक रहना। इसी को उपवास कहते है। तो फिर अन्न क्यों नहीं खाते? परमहंस योगानंद जी कहते हैं- सिर्फ फल का रस पी कर रहने से पेट ही नहीं शरीर का सारा विकार दूर हो जाता है। शरीर के टाक्सिंस शरीर से बाहर निकल जाते हैं। पेशाब के जरिए या शौच के जरिए। एक दूसरा फायदा भी है। व्रत से आपके दिमाग की ताकत भी बढ़ती है।कैसे? जब भी आपके भीतर खाने की प्रबल इच्छा पैदा होती है, आप मन ही मन कहते हैं- आज तो मैं उपवास हूं। भोजन नहीं करना है। धीरे- धीरे आपकी नियंत्रण शक्ति बढ़ती है और आपका माइंड पावर भी बढ़ता है। नवरात्र के सभी दिनों मे मां दुर्गा या काली की अराधना की जाती है। लेकिन जो माता के पूर्ण भक्त हैं वे हमेशा ही यानी बारहों मास अराधना करते हैं। हां, इन नौ दिनो में वे विशेष अराधनाकरतेहैं। अराधना का समय बढ़ा कर दोगुना कर देते हैं। आइए हम सब जगन्माता को प्रणाम करें और अपने भीतर उनके प्रति असीम प्यार पैदा करने की कृपा मांगे।