Monday, February 13, 2012

ब्रह्मांड के स्वामी

विनय बिहारी सिंह





हम लोग कई बार कुछ समस्याओं को लेकर बहुत चिंतित हो जाते हैं। परमहंस योगानंद जी ने कहा है- ईश्वर पर भरोसा कीजिए। हमारी मुश्किल तब होती है जब हम किसी मनुष्य पर तो विश्वास कर लेते हैं, लेकिन भगवान पर नहीं करते। क्योंकि भगवान आमतौर पर अदृश्य हैं। वे उन्हें ही महसूस होते हैं जो गहरी भक्ति में डूबे हैं। लेकिन सबको तो दिखते नहीं हैं। इसलिए लोग भगवान पर विश्वास नहीं करते। वे चाहते हैं कि भगवान सामने आ कर कहें कि मैं तुम्हें भरोसा देता हूं। तुम्हारी समस्या सुलझ जाएगी। ऐसा नहीं हो सकता। हम भगवान को अपनी शर्तों पर नहीं चला सकते। हमारे अधिकार में है प्रार्थना करना। उनके अधिकार में है हमारी समस्या का समाधान। वे हमारे माता- पिता हैं। वे चाहे जिस तरह हमारी समस्या सुलझाएं। उनकी मर्जी। हम उन्हें तरीका क्यों सुझाएं। हमारी दृष्टि और दिमाग तो एक सीमा के बाहर जा नहीं सकता। इसलिए हमारे दिमाग की सोच भी सीमित है। क्यों हम भगवान के सामने समर्पण करें और उन्हें गाइड करने को कहें। उनसे प्रार्थना करें- हे प्रभु, आप अंतर्यामी हैं, सर्वज्ञाता और सर्वशक्तिमान हैं। मुझे गाइड कीजिए। मैं मेहनत करने को तैयार हूं लेकिन मुझे गाइड कीजिए। कैसे मैं अपनी समस्या सुलझाऊं। बताइए। आपको किसी न किसी तरह समाधान मिल जाएगा। लेकिन अगर हम भगवान के सामने स्वयं को ज्यादा बुद्धिमान मानने लगेंगे तो हमारी समस्या नहीं सुलझेगी। भगवान के प्रति पूर्ण श्रद्धा से, पूर्ण समर्पण से और पूर्ण प्रेम से हमारा काम बन जाएगा।