Friday, December 4, 2009

पैर बताते हैं कि आपके मन में है क्या

विनय बिहारी सिंह

हमारे ऋषि- मुनि तो मनुष्य के शरीर के स्पंदन से ही बता देते थे कि अमुक आदमी के मन में क्या है। वे शारीरिक हाव भाव से भी जान लेते थे कि किसी व्यक्ति के मन में क्या चल रहा है। ऐसे ऋषि तो निरंतर ईश्वर के संपर्क में रहते थे और पूरे ब्रह्मांड की खबर रखते थे। पश्चिम के वैग्यानिकों ने अब जाकर खोज निकाला है कि स्त्री या पुरुष के हावभाव क्या कुछ कहते हैं। यह अत्यंत रोचक विषय है। जिन बातों पर सामान्य व्यक्ति ध्यान नहीं देता वे भी कितनी महत्वपूर्ण होती हैं यह जानना आवश्यक है। इससे ईश्वर की सृष्टि का रहस्य खुलता है। मनुष्य का मन जब तक परत दर परत अठखेलियां करेगा, वह शांत नहीं रह पाएगा। जिस क्षण वह सारी सोच, सारी चिंताएं दरकिनार कर देगा और ईश्वर में डूब जाएगा, उसे अत्यंत शांति और आनंद का अनुभव होगा। आइए जाने कि रिसर्च क्या है। पश्चिमी वैग्यानिकों ने कहा है कि महिलाओं के पैर बताते हैं कि उनके मन में क्या है। कैसे? अगर महिला बातचीत करते हुए अपने पैर अपने शरीर से दूर रख रही है तो इसका अर्थ है वह आपकी बातचीत पसंद कर रही है और अगर वह पैर सिकोड़े हुए है तो इसका अर्थ है वह आपको और आपकी बातचीत को नापसंद कर रही है। पुरुषों के बारे में कुछ दिन पहले शोध आया था कि अगर पुरुष अपनी मांसपेशियां कड़ी रख कर किसी से बात करता है तो इसका अर्थ है उसके मन में सामने वाले के प्रति कुछ संदेह है। कई पुरुष अपनी मुट्ठियां भींच कर बातें करते हैं। उन्हें इस बात का होश नहीं रहता कि बात करते वक्त उनकी मुट्ठियां किस स्थिति में हैं। इसी तरह लोग अपने पैरों के प्रति अनजान रहते हैं। लेकिन पैर अपना काम करते रहते हैं। वैग्यानिकों ने निष्कर्ष निकाला था कि अगर पुरुष सहज ढंग से बातचीत करता है तो इसका अर्थ है वह बातचीत में रुचि ले रहा है और आपका काम होगा। वैग्यानिकों का कहना है कि स्त्री और पुरुषों में प्रतिक्रिया का अलग- अलग तौर तरीका है। उनका कहना है कि चेहरा और आंखें धोखा दे सकती हैं। लेकिन पैर और मांसपेशियां धोखा नहीं दे सकतीं। इस बीच एक और रिसर्च सामने आया है। वैग्यानिकों ने पाया है कि आपका मन जिस व्यक्ति पर अत्यंत गहराई से टिकेगा, आप भी वैसे ही होते जाएंगे। है न अद्भुत? हालांकि हमारे ऋषि- मुनि इसे पहले ही सिद्ध कर चुके हैं। मान लीजिए आपका मन किसी साधु की ओर खिंच रहा है तो आप जाने- अनजाने उसी जैसा बनते जाएंगे। किसी राजनेता पर या किसी फिल्मी व्यक्ति पर आपका मन गहराई से टिका है तो आप वैसे ही बनते जाएंगे। यह जानने के बाद आप सतर्क हो जाएंगे और हमेशा किसी अच्छे या ऊर्जावान व्यक्ति पर ही मन केंद्रित करेंगे।

1 comment:

डॉ. राजेश नीरव said...

पत्रकार होने के नाते हेडिंग अच्छा है...कंटेट मैच नहीं कर रहा....जानकारी अच्छी है....