Wednesday, December 23, 2009

रामराज्य या कृष्ण की द्वारकापुरी में यह हाल नहीं था

विनय बिहारी सिंह

राम या कृष्ण के शासनकाल में आम आदमी महंगाई से कराहता नहीं था। बाजार लोगों को जरूरत की चीजें सही दाम पर मुहैया करा देते थे। राजा के मंत्री भी अत्यंत जिम्मेदार थे और वे हमेशा इस कोशिश में लगे रहते थे कि जनहित का काम ज्यादा से ज्यादा कैसे हो। जिनके घर खाने को नहीं था, उनका जिम्मा राजा उठाता था। इसके लिए एक संस्था का गठन कर दिया गया था जो पता लगा लेती थी कि कहां लोग भूखे सो रहे हैं। वहां भोजन का अच्छा प्रबंध कर दिया जाता था। लेकिन जिन्हें मुफ्त का भोजन मिलता था वे अकर्मण्य नहीं रहते थे। उनमें काम करने की ललक रहती थी। हां, आलसी लोग भी होते थे लेकिन उनकी संख्या बहुत कम थी। राजा अपनी जिम्मेदारियों से मुकरता नहीं था। वह बाजार ही नहीं सुरक्षा एजंसियों पर भी कड़ी नजर रखता था। उसके गुप्तचर अत्यंत मेधावी थे। उनकी संख्या बहुत ज्यादा थी। गुप्तचर दरअसल लोगों की आबादी के आधार पर रखे जाते थे ताकि कहीं से सूचना मिलने में चूक नहीं हो। एक सुचारु तंत्र का यही गुण है। पर्यटक और शोधकर्ता ह्वेनसांग ने तो प्राचीन भारत के बारे में बहुत ही प्रशंसा लिखी है। उसने जो कुछ भी देखा, वही लिखा। उसने लिखा है कि घरों में ताला लगाना जरूरी नहीं था। लोग यूं ही कुंडी चढ़ा कर घूमने निकल जाते थे। अगर किसी ने गलती से किसी के पास कुछ धन छोड़ दिया या उसे वापस लेना याद नहीं रहा तो जिसके पास धन रखा है वह ढूंढ़ कर उस आदमी को वापस कर आता था। यह जानकारी कहां से मिली? आप परमहंस योगानंद की आटोबायोग्राफी आफ अ योगी पढ़ लीजिए। उसमें प्राचीन भारत की समृद्धि की दास्तान मिलेगी। लेकिन आज क्या है? क्या आधुनिक भारत जो टेक्नालाजी और ग्यान में खुद को अग्रणी मानता है, नैतिकता में भी आगे है? क्या आज आम आदमी खुद को सुरक्षित और खुश मानता है? क्या उसकी भूख, उसके अभाव और उसकी चिकित्सा की परवाह किसी सरकार को है? यूं तो यह जगह अध्यात्म की है। लेकिन आइए संक्षेप में जानें कि आज इक्कीसवीं सदी में हमारा क्या हाल है। केंद्रीय कृषि मंत्री कह चुके हैं कि महंगाई रोकना असंभव है। केंद्र सरकार भी अपनी चुप्पी से यही बात दुहरा रही है। क्या आप दुनिया के किसी सुव्यवस्थित देश को जानते हैं जिसकी सरकार महंगाई रोकने में विफल हो? नहीं। केंद्र सरकार को इस पर शर्म नहीं आती। यह अति मुनाफाखोरी को महिमामंडित करना है। यानी बाजार केंद्र सरकार के नियंत्रण में नहीं है। यह कैसी सरकार है? क्यों बाजार उसके नियंत्रण में नहीं है? हर सांसद को उसके क्षेत्र के विकास के लिए २ करोड़ रुपये की मोटी रकम मिलती है। अब सांसद इस रकम को ५ करोड़ तक करने की मांग कर रहे हैं। उधर एक राज्य सभा के एक सांसद ने मांग की है की सांसद निधि ही खत्म कर दी जाये। इससे भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। हर सांसद और संसद को कानून बनाने ही नहीं, कानून को लागू करने का भी पूरा अधिकार है। फिर यह ड्रामा क्यों? सारी केंद्र सरकारें एक जैसी हैं। चाहे वे किसी पार्टी की हों। अपने देश में कोई भी पार्टी नहीं है जो जनहित के बारे में सोचे। सब राजनीति में कमाई करने या लूट- खसोट करने गए हैं। न कोई नीति न नैतिकता और न लोकहित। सिर्फ बयान भर दे देना है- हम महंगाई रोकने में नाकाम हैं।

Tuesday, December 22, 2009

हम कहां से आए?

विनय बिहारी सिंह

ऋषियों ने कहा है कि हमें खुद से सवाल करना चाहिए कि हम कहां से आए? इस दुनिया में किसलिए आए? इसके पहले हम थे कहां? मृत्यु के बाद कहां जाएंगे? भगवद् गीता कहती है कि आत्मा अजर- अमर है। सिर्फ शरीर नश्वर है। शरीर ही जन्मता है, जवान होता है, वृद्ध होता है, रोगी होता है और मरता है। जैसे मनुष्य पुराने कपड़े त्याग कर नए कपड़े पहनता है, ठीक उसी तरह आत्मा नया कपड़ा यानी नया शरीर धारण करती है। जिस घर में बच्चा जन्म लेता है उसकी स्वाभाविक अदाओं पर सभी लोग मोहित होते हैं। बच्चा तेजी से हाथ- पांव फेंक कर खेलता रहता है तो परिजन कितने खुश होते हैं? बच्चा जो भी आवाज निकालता है, घर के लोग उसे सुन कर कितने खुश होते हैं। बच्चा कहता है- बा---। घर के लोग खुश हो कर कहते हैं-- देखो, देखो बा ---- बोल रहा है। यह शास्वत आत्मा का नया शरीर होता है। यह बच्चा बड़ा होता है और तरह- तरह के प्रपंच करने लगता है। हमारा नाम भी तो इस देह को ही मिला है। इस नश्वर नाम को हम स्वर्णाक्षरों में चमकता देखना चाहते हैं। चाहते हैं हमारा खूब नाम हो, हमारे पास खूब पैसा हो, यानी हमारी हजार इच्छाएं हमें नचाती रहती हैं। इन्हीं इच्छाओं के चलते हमारा बार- बार जन्म होता है। शंकराचार्य ने कहा है- पुनरपि जन्मम, पुनरपि मरणम, जननी जठरे पुनरपि शयनम।। तो हम कहां से आए हैं? जन्म से पहले कहां थे? वेदों और ऋषियों ने कहा है- कुछ दिन अदृश्य लोक में विश्राम करने के बाद व्यक्ति का फिर किसी दूसरे घर में जन्म होता है। इसके बाद फिर वही तनाव, लालच, क्रोध और इंद्रिय सुख की लालसाएं। माया अपने जाल में इस तरह फंसाती है कि दुख में रहने के बावजूद मन ईश्वर की तरफ नहीं जाता। ईश्वर के बारे में बात करना भी अच्छा नहीं लगता। हां, संसारी प्रपंच के बारे में बात करने में खूब मन लगता है। लेकिन हमें उबारने वाले भगवान ही हैं। ईश्वर के अलावा हमारा अपना कोई नहीं है। इस संसार में हमारा जो सबसे प्रिय व्यक्ति होगा, उससे भी आत्मीय और उससे भी करीब ईश्वर हैं। उनकी याद या उनका स्मरण हम क्यों न करें?

Monday, December 21, 2009

जर्मन डाक्टरों का कमाल़

विनय बिहारी सिंह

सबसे पहले जर्मन डाक्टरों के कमाल की बात करें। एक अंधे आदमी की आंखों की कार्निया में विशेष माइक्रोचिप लगा कर उन्होंने उसे आंखों वाला बना दिया। अब वह आदमी आराम से देख रहा है और खुश है। डाक्टरों ने कहा है कि यह विचार काफी दिनों से चल रहा था कि निष्क्रिय या बेकार हो चुकी आंख को फिर से नई और सक्रिय कैसे बनाया जाए। इस घटना का आध्यात्म से क्या संबंध है? दिव्य प्रकाश तो आध्यात्म का ब्लाग है। आइए जानें। हमारे देश में एक विख्यात संत हुए हैं- योगावतार श्यामा चरण लाहिड़ी। लाहिड़ी महाशय के यहां एक सेवक था- राम। राम की दोनों आंखें बेकार थीं। वह दुनिया को देखना चाहते थे। उन्होंने हाथ जोड़ कर लाहिड़ी महाशय से कहा- आपने अनेक लोगों को ठीक कर दिया। क्या मेरी आंखें ठीक नहीं हो सकतीं। लाहिड़ी महाशय के मन में करुणा उपजी। वे देवता थे। उन्होंने कहा- तुम दिल से भगवान के नाम का जाप करो। पंद्रह दिन बाद तुम्हारी आंखें ठीक हो जाएंगी। राम ने पूछा- भगवन, मैं किस देवता के नाम का जाप करूं? लाहिड़ी महाशय ने कहा- तुम्हारा नाम राम है। तुम राम- राम जपते रहो। फिर क्या था। राम ने तुरंत जाप करना शुरू कर दिया। वह सोते, जागते, काम करते, विश्राम करते यानी हर वक्त राम- राम का जाप करता रहता। और तोते की तरह नहीं। बिल्कुल दिल से जाप करता। मानों भगवान राम सामने बैठे हों या खड़े हों और वह राम- राम कह कर उन्हें पुकार रहा हो। इसका चमत्कारी असर हुआ और राम की आंखें सचमुच १५ दिनों में ठीक हो गईं। उसने पंद्रहवें दिन सूर्योदय देखा। यह चमत्कार कैसे हुआ? लाहिड़ी महाशय के एक शिष्य ने कहा- हमें इस दुनिया में जो कुछ भी प्राप्त होता है वह सीधे ईश्वर से ही। लेकिन जिन्हें विश्वास नहीं है, उन्हें कुछ भी फलित नहीं होता। लेकिन जो गहरे अंतर से समूचे दिल से ईश्वर को पुकारता रहता है, वह उनका उत्तर अवश्य पाता है। वे इतने ही जीवंत और हमारे करीब हैं जितने हम औऱ आप हैं। यह संसार ईश्वर का है। हम यहां अपने कर्मों का फल भोगने आए हैं। लेकिन अगर हम ईश्वर को दिल से पुकारें तो वे हमें अपनी विशेष सुरक्षा घेरे में ले लेते हैं। वे वैसे भी हमारी रक्षा करते हैं क्योंकि वे ही हमारे माता है, पिता हैं। परमहंस योगानंद जी कहते हैं कि ईश्वर के पास एक चीज नहीं है, वह है हमारा प्यार। हर मां- बाप चाहता है कि उसकी संतान उसे प्यार करे। भगवान क्यों नहीं चाहेंगे? वे हमारे प्यार की प्रतीक्षा में हैं। यह कितना अद्भुत है कि इस संसार, इस ब्रह्मांड का स्वामी यानी मालिक हमारे प्यार की राह देख रहा है। हमें यह अद्भुत मौका मिला है। इसे हमें गंवाना नहीं चाहिए।

Wednesday, December 16, 2009

मित्रों अभी मैं अत्यंत व्यस्त हूँ। लेकिन सोमवार से ब्लॉग लिखना शुरू कर दूंगा।
कृपया २१ दिसम्बर २००९ को इस ब्लॉग पर नया लेख अवश्य पढ़ें ।

Saturday, December 12, 2009

रमण महर्षि ने कहा है- खुद से पूछो कि मैं कौन हूं

विनय बिहारी सिंह

रमण महर्षि तमिलनाडु (मदुरै से ३० मील दूर तिरुचुली) में के एक ब्राह्मण परिवार में ३० दिसंबर १८७९ में जन्मे और लगभग ७१ वर्ष की आयु में १४ अप्रैल १९५० को अपना शरीर छोड़ दिया। वे पूरे विश्व के अध्यात्म पुरुष थे। १६ वर्ष की उम्र में उन्होंने घर छोड़ दिया और तिरुवन्नामलइ चले गए। वहीं अरुणाचल में उन्होंने गहन साधना की। एक बच्चा उनकी साधना और कष्ट देख कर रो पड़ा। रमण महर्षि ने पूछा- क्यों रो रहे हो? बच्चे ने कहा- तुम्हें रोज देखता हूं। बहुत दिनों से देख रहा हूं- तुम बिना कुछ खाए- पीए, बिना कुछ पहने (उनके शऱीर पर सिर्फ कौपीन था) इतनी तपस्या कर रहे हो। तुम्हें देख कर मुझे पीड़ा होती है। रमण मुस्करा कर बच्चे से बोले- भगवान के प्रेम में पड़ने पर किसी चीज की परवाह नहीं होती। वहां तो बस आनंद ही आनंद है। भोजन और वस्त्र तो तुच्छ वस्तुएं हैं। तब बच्चे ने रोना बंद किया। रमण महर्षि ने कहा है- खुद से पूछो कि मैं कौन हूं। यानी खुद को जानने का प्रयत्न। मैं कौन हूं? क्या शरीर हूं। नहीं। यह शरीर मेरा है, मैं शरीर नहीं हूं। तो क्या मैं बुद्धि हूं? नहीं, बुद्धि मेरी है। तब क्या हूं? तो उत्तर मिलेगा- मैं शुद्ध सच्चिदानंद हूं। सच्चिदानंद? हां ( तुलसीदास ने भी तो कहा है- ईश्वर अंश जीव अविनाशी)। वे कहते थे मनुष्य जब अपने को भूल जाता है तो नाना प्रकार के कष्ट पाता है। वह भूल जाता है कि मैं ईश्वर का अंश हूं और तरह- तरह के माया के जालों में फंसता रहता है। जैसे प्याज का छिलका उतारते जाने से अंत में कुछ नहीं बचेगा, उसी तरह माया की परतों को हटाने से बचेगा सिर्फ शून्य लेकिन इसी शून्य में छुपे हैं भगवान। रमण महर्षि ने कहा है- ईश्वर के सिवा कुछ भी नहीं है। सर्वं खल्विदं ब्रह्म। सबकुछ ईश्वर है। द्वैत ही भ्रम का कारण है। कहीं कुछ भी नहीं- सिर्फ ईश्वर, ईश्वर औऱ ईश्वर ही हैं चारो तरफ। बस गहरे ध्यान में जाकर महसूस करने की जरूरत है।

Friday, December 11, 2009

चरम वैराग्य की स्थिति

विनय बिहारी सिंह

कई बार प्रश्न आता है कि मन को वश में करना मुश्किल है। कैसे करें? मन को तो चिंताएं घेरे हुए हैं, चंचल विचार घेरे हुए है, वह वश में आए कैसे? तो हमें फिर गीता की तरफ लौटना पड़ रहा है। भगवान कृष्ण ने अर्जुन से कहा है- अभ्यास और वैराग्य से मन वश में आ जाएगा। अभ्यास तो ठीक है। लेकिन वैराग्य कैसे आए? हम कई बार अपनी पूंजी भूल जाते हैं। हमारे पास खजाना है। लेकिन हम भूल गए हैं। याद कीजिए भर्तृहरि को। भर्तृहरि ने एक अत्यंत प्रसिद्ध पुस्तक लिखी है- वैराग्य शतकम। यानी वैराग्य पर सौ पद। यानी सौ कविताएं। वैराग्य के दस उपाय बताते हुए अनेक लोग हांफने लगते हैं। यहां भर्तृहरि ने सौ उपाय बताए हैं। लेकिन इन्हें उपाय कहना ठीक नहीं होगा। ये विचार हैं। इन विचारों को पढ़ कर पाठक का मन उद्वेलित होता है। इनका सार है- इस दुनिया में आप अकेले आए हैं। अकेले ही जाएंगे। कोई किसी का नहीं है। हम अपने स्वार्थों, इच्छाओं और अस्थिरताओं के शिकार हो कर माया के भंवर में फंसे हुए हैं और कष्ट पा रहे हैं। जिस प्रेयसी की देह को आपने इतना आकर्षक माना, वह मृत पड़ी है और आप उसे जल्दी से घर से निकाल कर जला देना चाहते हैं। हम सब अपनी अपनी भूमिकाएं निभाने आए हैं लेकिन माया के जादू में फंस कर कष्ट भोग रहे हैं। सिर्फ और सिर्फ ईश्वर ही इस माया से उबार सकते हैं। यह देह रोज थोड़ा- थोड़ा करके मृत्यु की तरफ बढ़ रही है। एक दिन अचानक आपकी मृत्यु हो जाएगी और आपका धन, मान-सम्मान और घऱ परिवार रखा का रखा रह जाएगा। फिर किसी अन्य परिवार में जन्म होगा और फिर वही माया का जाल। सुख- दुख का भंवर। कष्टों और तनावों का दौर। इसका अंत नहीं। अंत करना है औऱ सुख से रहना है तो ईश्वर की शऱण में जाइए। वगैरह वगैरह। भर्तृहरि ने वैराग्य शतकम चरम वैराग्य की स्थिति में लिखा। उन्हें ईश्वर के सिवा कुछ दिखता ही नहीं था। इस संसार की जिन वस्तुओं के लिए सामान्य लोग तरसते हैं, भर्तृहरि के लिए वे धूल की तरह थीं। रामकृष्ण परमहंस भी कहते थे- रुपया- माटी। माटी- रुपया। यानी मिट्टी औऱ रुपया एक ही है। इसमें आसक्ति कैसी? वैराग्य के सौ उपायों या वैराग्य के सौ विचारों को पढ़ना सुखद अनुभव है। हम एक बार फिर अनुभव करते हैं कि यह संसार हमारे जन्म के पहले भी था और मृत्यु के बाद भी रहेगा। संसार तो आपकी परवाह नहीं करता। लेकिन आप संसार के मायाजाल में बुरी तरह फंसे रहते हैं। इससे मुक्ति के उपायों का ही नाम है- भर्तृहरि शतकम।

Thursday, December 10, 2009

अपने भीतर की दुनिया कैसी है?

विनय बिहारी सिंह


दो तरह की दुनिया है। एक तो बाहर की दुनिया, जिसे हम रोज देखते, सुनते और अनुभव करते हैं। दूसरी है भीतर की दुनिया। बाहर की दुनिया में शोर- शराबा, भागदौड़ और बेचैनी है तो भीतर की दुनिया में परम शांति और स्थिरता है। यानी पहली दुनिया दूसरी दुनिया से बिल्कुल उलट है। बाहर की दुनिया नित्य परिवर्तनशील और जन्म- मरण और भोगाभोग की है तो भीतर की दुनिया परिवर्तन रहित, स्थाई और सुख शांति वाली है। अब आप कहेंगे कि जो व्यक्ति परेशान है, तनाव झेल रहा है, वह अगर आंख बंद करके ध्यान करेगा और अपने भीतर उतरना चाहेगा तो उसका दिमाग स्थिर होगा ही नहीं। उसके लिए तो जैसे बाहर की दुनिया वैसी ही भीतर की दुनिया। नहीं। एक म्यान में दो तलवारें नहीं रहा करतीं। या तो आप बाहरी दुनिया के ही होकर रह सकते हैं या अंदर की दुनिया के। अब आप सवाल करेंगे कि जो भीतर की दुनिया को जानते हैं, वे भी तो बाहर की दुनिया में बरतते ही हैं। हां, यह ठीक है। लेकिन भीतर की दुनिया को जान कर बाहर की दुनिया के साथ आचार- व्यवहार करना अलग तरह का है। जिस साधक ने तत्व जान लिया वह बाहर की दुनिया में आनंद पूर्वक रह सकेगा। वह तो भगवान का हाथ पकड़े हुए है और भगवान भी उसका हाथ पकड़े हुए हैं। ऐसे में उस साधक को कोई चिंता करने की जरूरत ही नहीं है। भीतर की दुनिया का स्वाद या ईश्वर का स्वाद तब तक नहीं मिल सकता जब तक कि आप उतनी देर के लिए बाहर के संसार से नाता न तोड़ लें। अगर आप आंख बंद कर ईश्वर का ध्यान करने की कोशिश कर रहे हैं और उसके बदले संसार भर के प्रपंचों के बारे में सोच रहे हैं तो आप भीतर गए ही नहीं। बाहर- बाहर ही घूम रहे हैं। आंख बंद करने भर से अंदर की दुनिया में नहीं जाया जा सकता है। जो आपके दिल में होगा वही आप आंखें खुली रख कर भी देखेंगे और आंखें बंद कर भी वही देखेंगे। जो आपके दिलो दिमाग पर हावी रहेगा, वही आप देखेंगे, सुनेंगे और महसूस करेंगे। कहावत है न कि जिस रंग का चश्मा होगा, उसी रंग का दृश्य आपको दिखाई देगा। इसलिए जिसने इस दुनिया में रहते हुए भी अपना गहरा रिश्ता ईश्वर से जोड़ रखा है, वह सबसे सुखी है। उसे ईश्वर का पक्का सहारा मिल गया। और जो बौद्धिक तर्क में पड़े हुए हैं कि ईश्वर है भी कि नहीं, उन्हें कुछ नहीं मिलेगा। ईश्वर देह, मन और बुद्धि से परे है। यह गीता में भगवान कृष्ण ने कहा है। जिस क्षण आपने संपूर्ण समर्पण कर दिया, ईश्वर आपके हो गए। लेकिन टोटल सरेंडर या पूर्ण समर्पण एकबारगी नहीं होता। यह धीरे- धीरे होता है। आप जैसे जैसे ईश्वर के भीतर गहनतम उतरते जाएंगे, आप उनके प्रेम में आनंदित होते जाएंगे। यह बात अनुभव की है। कबीर दास ने कहा ही है-
पार ब्रह्म के तेज का कैसा है परमान।कहिबे को सोभा नहीं, देखन को परमान।।