Tuesday, November 10, 2009

मां पीटती रही, बच्चे ने उसकी साड़ी नहीं छोड़ी

विनय बिहारी सिंह

रविवार को एक सन्यासी ने दिल को छूने वाली एक घटना सुनाई और उसे ईश्वर से जोड़ा। उन्होंने कहा- मैं एक जगह जा रहा था। रास्ते में देखा- एक मां अपने बच्चे को पीट रही है। बच्चा चिल्ला रहा है। लेकिन जाए कहां? तो उसने मां की साड़ी जोर से पकड़ी हुई थी और चिल्ला रहा था- मां, मां, मां। मां को जितना पीटना था, पीट लिया। लेकिन बच्चे का तो कोई ठौर नहीं है। वह मां की साड़ी पकड़े रहा और रोता रहा। सन्यासी ने कहा- यही हमें भगवान के साथ करना चाहिए। दुख है, कष्ट है। लेकिन हम जाएं कहां? भगवान तुमको जोर से पकड़े रहेंगे। हम ईश्वर को छोड़ेंगे ही नहीं, भूलेंगे ही नहीं। कई लोगों की एक बहुत अच्छी आदत होती है। वे हर घंटे या आध घंटा पर अपनी आंखें बंद कर कहते हैं- राम, राम। या शिव, शिव। ऋषि कहते हैं- दिल से किया गया ऐसा स्मरण हमें अमृत जैसा फल देता है। कई लोग व्यस्तता के बीच जब भी खाली समय मिलता है, चाहे एक मिनट ही सही- भगवान का स्मरण करते हैं। हममें से कई लोगों को कोई दुख है, कोई कष्ट है, अभाव या तनाव है। हम तो अपने किए का फल भोग रहे हैं। लेकिन भगवान चाहते हैं कि इन कष्टों से हम सीखें और भविष्य मे कुछ भी करने से पहले, कुछ भी बोलने से पहले सावधान होकर सोचें- हम कर क्या रहे हैं, बोल क्या रहे हैं, व्यहार कैसा कर रहे हैं। यह बहुत मुश्किल नहीं है। रामकृष्ण परमहंस कहा करते थे कि खानदानी किसान अगर फसल सूख जाए, फसल को पाला मार दे या उपज बिल्कुल कम हो तो भी खेती करना नहीं छोड़ता। उसके पास कोई उपाय ही नहीं है। ठीक उसी तरह भक्त चाहे कोई तनाव हो, दिक्कत हो या कोई भारी परेशानी हो, भगवान को प्रेम करना नहीं छोड़ता। हमेशा उसके दिलोदिमाग पर भगवान ही छाए रहते हैं। मैंने एक अमेरिकी व्यक्ति को देखा है। वह हमेशा कहता रहता है- गाड, माई लार्ड आई लव यू, आई लव यू। रिवील दाईसेल्फ। आई लव यू।

Saturday, November 7, 2009

सीमित कौन करता है मनुष्य को?

विनय बिहारी सिंह

यूनिवर्सिटी आफ कैलीफोर्निया के वैग्यानिकों ने कहा है कि उन्होंने ऐसा कंप्यूटर तैयार कर लिया है जो मनु्ष्य के दिमाग में चल रही बातों का पता लगा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि भविष्य में सपनों को भी रिकार्ड किया जा सकेगा। लेकिन जब कंप्यूटर नहीं था तो हमारे ऋषि- मुनि किसी भी व्यक्ति के दिमाग को स्कैन कर लेते थे। चाहे वह व्यक्ति सामने हो या दूर। उनमें यह क्षमता थी कि वे बैठे कहीं और हैं और अपनी स्पष्ट आवाज में सौ मील दूर किसी व्यक्ति को अपना निर्देश दे रहे हैं। उनका मानना था कि मनुष्य खुद को शरीर मान कर अपने को सीमित कर रहा है। दरअसल मनुष्य को शरीर से ऊपर उठ कर चिंतन करना चाहिए। मनुष्य सच्चिदानंद आत्मा है। उसका स्वरूप विराट है। यानी मनुष्य असीम है। वह अपने ही बनाई सीमाओं में तड़पता रहता है। इसी पाश या बंधन को काटना है। भगवान शिव को इसलिए पशुपति कहते हैं क्योंकि वे हमारे पाशों को काट देते हैं। हमें निर्भय और मुक्त कर देते हैं। तो फिर मनुष्य को सीमित कौन करता है? उसकी इंद्रियां। इंद्रियां हमें अपना गुलाम बनाए रहती हैं। कई लोग भोजन को लेकर इतने आसक्त होते हैं कि बिना खाए रहने की वे कल्पना भी नहीं कर सकते। लेकिन हमारे संतों ने उपवास रखने की सलाह दे रखी है। पूरे दिन औऱ रात उपवास रखिए। भोजन के गुलाम न बनिए। इससे आपके शरीर की सफाई होगी। जीभ पर नियंत्रण रखिए। बोलने में और खाने में भी जीभ पर अंकुश हो। तब हमारा जीवन आनंदमय हो सकता है। नियंत्रण में कष्ट तो है। लेकिन जिन लोगों को सुगर (रक्त शर्करा) की बीमारी है, वे तुरंत मीठी चीजें, आलू और चावल वगैरह छोड़ देते हैं। क्योंकि उन्हें अपने जीवन को बचाना होता है। लेकिन अगर किसी बीमारी के बिना यूं ही जीवन में परहेज के लिए कहा जाए तो ज्यादातर लोग सलाह नहीं मानते। उन्हें लगता है कि ठीक ही तो चल रहा है जीवन। लेकिन शरीर के भीतर सूक्ष्म रूप से क्या चल रहा है, इसे कौन जानता है? ऋषि- मुनि तो फिर भी जानते थे क्योंकि उन्हें दिव्य दृष्टि मिली हुई थी। आज भी ऐसे साधक हैं लेकिन उन्हें गिने- चुने ही लोग जान पाते हैं। ऐसे लोग अपना प्रचार नहीं चाहते क्योंकि उनकी साधना में बाधा आती है। भीड़- भाड़ ऐसे लोगों को पसंद नहीं। तो ऋषि- मुनियों ने हमें संयम सिखाया और कहा कि रोग व्याधि से दूर रहने के लिए अमुक- अमुक कदम उठाने चाहिए। अति किसी चीज में नहीं होना चाहिए। सोने और जागने का भी नियम उन्होंने बना दिया। कहा- मनुष्य को ब्रह्म मुहूर्त में जग जाना चाहिए। आज कितने लोग हैं जो ब्रह्म मुहूर्त में उठते हैं? जो उठते हैं वे भाग्यशाली हैं। कम से कम सूर्योदय के पहले तो उठना अति आवश्यक है। लेकिन अनेक लोग सूर्योदय के बाद भी सोते रहते हैं। इसीलिए ऋषि पातंजलि ने यम और नियम बनाए। हमें यम और नियम से सूत्रों के सहारे चलने में खुशी होनी चाहिए। आखिर फायदा तो हमारा ही है।

Friday, November 6, 2009

मृत्यु तो रूपांतरण है, दुख क्यों?

विनय बिहारी सिंह

बचपन में अपने गांव में शव यात्रा में बैंड बजते देख कर मैंने एक बुजुर्ग से पूछा था- मृत्यु पर खुशी का संगीत क्यों? बुजुर्ग ने कहा था- जब कोई बूढ़ा व्यक्ति मरता है तो माना जाता है कि उसने भरी- पूरी जिंदगी जी और आराम से चला गया। इसी की खुशी में बैंड बजाया जाता है। बड़ा हुआ तो गीता ने इसे और स्पष्ट कर दिया। मृत्यु के बाद जन्म और जन्म के बाद मृत्यु निश्चित है। परमहंस योगानंद कहते थे- योगी इस संसार को एक स्कूल के रूप में देखे। लगातार आत्मविश्लेषण करे कि वह लगातार बेहतर हुआ है या नहीं। उसके जीवन में प्रेम, भक्ति और सेवा की कितनी जगह है। आत्ममंथन जरूरी है। हमसे किसी को कष्ट न हो, इसका ख्याल रहे। सबसे प्रेम से मिलना चाहिए। किसी को नीचा देखना, ईश्वर की कृति का अपमान करना है। खुद को सुधारते हुए ईश्वर से प्रार्थना करनी चाहिए- भगवान, अब और इस संसार में न आना पड़े। इसके लिए चाहे जो परीक्षा लेनी हो, ले लीजिए लेकिन मुझे आवागमन से मुक्त कीजिए। जैसे कोई किसी कक्षा में फेल हो गया तो उसे फिर उसी कक्षा में पढ़ना पड़ता है, ठीक वैसे ही अगर हमने खुद को ईश्वर के लायक नहीं बनाया औऱ अपनी इच्छाओं के वश में रहे तो इस संसार में बार- बार आना पड़ेगा। इच्छाएं हमें नचाती हैं। इन इच्छाओं को जब हम वश में कर लेंगे तो फिर हमारी बेचैनी, हमारा तनाव हमारी चंचलता सब खत्म हो जायेंगे। लेकिन मृत्यु से पहले अगर हमने अपने जीवन को भीतर से बेहतर नहीं बनाया। ईश्वरोन्मुखी नहीं बनाया तो मृत्यु के बाद भी हमारी गति वैसी ही रहेगी। हमें फिर से जन्म लेकर उसी प्रपंच में पड़ना पड़ेगा। इसलिए जिसने खुद को ईश्वर के रास्ते पर प्रस्तुत कर दिया है और फिर संसार में नौकरी- चाकरी या व्यापार कर रहा है, उसकी बिगड़ी बन जाएगी। रामकृष्ण परमहंस कहा करते थे- जैसे कटहल काटने के पहले लोग हाथ में तेल लगा लेते हैं ताकि कटहल से निकला चिपचिपा पदार्थ हाथ में न चिपके, उसी तरह संसार का प्रपंच हमारे मन को प्रभावित न करे, इसके लिए ईश्वर की भक्ति रूपी तेल जरूरी है।

Thursday, November 5, 2009

भय में विश्वास है लेकिन ईश्वर में नहीं

विनय बिहारी सिंह

अनेक लोग भय की कथाओं में बहुत रस लेते हैं। या सुनने या टीवी पर इस तरह की फिल्में या सीरियल देखने में बहुत रुचि लेते हैं। लेकिन जैसे ही भगवान की बात चलती है, टीवी बंद कर देते हैं। भगवान में उनको रस नहीं मिलता। यानी कई लोग काल्पनिक भय की कथा में सनसनी पाते हैं, लेकिन भगवान की बात में नहीं। है न आश्चर्य की बात? जिसने अनंत कोटि ब्रह्मांड बनाए हैं, उसमें कोई रुचि नहीं है। लेकिन एक निगेटिव बात में काफी रुचि है। ऐसे लोगों को समझना चाहिए कि जहां- जहां वे नकारात्मक शक्तियों की कल्पना कर रहे हैं, वहां- वहां भगवान भी है। आप जिसके बारे में सोचेंगे, जिसकी बात करेंगे, जिससे प्रभावित होंगे, वही आपको आकर्षित करेगा। अगर कल्पना भी कर लें कि भूत का अस्तित्व है तो उसकी शक्तियों की एक सीमा है। लेकिन ईश्वर असीम है, अनंत है और सर्वशक्तिमान, सर्वव्यापी और सर्व ग्याता है। तब क्यों ईश्वर को छोड़ कर लोग भय और निंदा की बातें करते हैं। सभी संतों ने मनुष्य से कहा है- आप ईश्वर प्रधान व्यक्ति बनिए। आपका मंगल होगा। ईश्वर के राज्य में कोई भय नहीं, कोई चिंता नहीं है। ईश्वर हम सबका है। हम सबके भीतर भी है और बाहर भी। सर्वव्याप्त है वह। हमारा अस्तित्व भी उसी के कारण है। वह हमें प्यार करता है। जो लोग पाप के बारे में पूछते थे उनसे परमहंस योगानंद कहते थे - ईश्वर से नाता तोड़ना ही सबसे पाप है। भक्तों से वे कहते थे- ऐसा नहीं कि आप ही ईश्वर को प्यार करते हैं और उसे चाहते हैं, ईश्वर भी आपको प्यार करता है औऱ चाहता है। लेकिन बस, वह आस लगाए बैठा है कि आपके भीतर उसे प्यार करने की चाहत अपने आप पैदा हो। बिना किसी दबाव के। वह तो हमारे प्यार का भूखा है। बस हमें अपने भीतर उसके प्रति प्यार को बढ़ाते जाना है। ईश्वर के प्रति प्यार ही असली प्यार है। वही टिका रहेगा। मनुष्य का प्यार तो शर्तों पर आधारित है। लेकिन यहां यह नहीं कहा जा रहा है कि हमें आपस में प्यार से नहीं रहना चाहिए। बेशक हमें प्रेम औऱ सौहार्द से रहना चाहिए। लेकिन ईश्वर के प्यार की तुलना किसी भी प्यार से नहीं हो सकती।

Wednesday, November 4, 2009

साइड एफेक्ट वाली दवाओं का कहर

विनय बिहारी सिंह

नाइस, विक्स एक्शन ५०० जैसी दवाओं पर अब जाकर केंद्र सरकार की नजर पड़ी है। न जाने कितने वर्षों से लोग इन दवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। कुछ डाक्टरों की सलाह पर और कुछ बिना सलाह के। विभिन्न अख़बारों से जो सूचनाएं मिली है आज उसी पर चर्चा की जाए। शोध से पता चला है कि साइड एफेक्ट वाली दवाओं से लीवर खराब हो सकता है, पाचन तंत्र गड़बड़ हो सकता है और शरीर में कष्टदायी लक्षण पैदा हो सकते हैं। आज के टाईम्स ऑफ़ इंडिया के अंक में है-- एंटी बायोटिक दवाओं से माताओं के गर्भ पर बहुत बुरा असर पड़ता है। नतीजा यह होता है कि पैदा होने के पहले ही बच्चा विभिन्न जटिलताओं का शिकार हो जाता है। एक अन्य शोध के मुताबिक यह भी पाया गया है कि ऐसे बच्चे बड़े होकर अनावश्यक तनाव में रहते हैं। विशेषग्यों ने आशंका जताई है कि बिक रही कई दवाओं में घातक साइड एफेक्ट वाली भी हो सकती हैं। उनकी गंभीरता से जांच की जानी चाहिए। गांवों और कस्बों में छोटी- मोटी बीमारियों के लिए लोग डाक्टरों से सलाह नहीं लेते। वे जिस- तिस से पूछ कर दवा खरीद लाते हैं और सुबह- शाम खा कर अपने शरीर पर खतरनाक प्रयोग करते रहते हैं। अनेक लोगों का मानना है कि एलोपैथिक दवाएं बगैर साइड एफेक्ट के नहीं होतीं। लेकिन चूंकि उनका तत्काल कुप्रभाव नहीं दिखाई देता, इसलिए लोग उन्हें खाते रहते हैं। लेकिन जब शरीर में इन दवाओं के साइड एफेक्ट के रूप में इकट्ठा विष एक सीमा से ज्यादा हो जाता है तो गंभीर बीमारी बन कर उभरता है। गांव के लोगों का कहना है कि डाक्टरों की फीस इतनी ज्यादा हो गई है कि लोग उनसे सलाह लेने से कांपते हैं। विदेशों की बात अलग है जहां प्रति व्यक्ति आय ज्यादा है। अपने देश में आयुर्वेद की दवाएं प्रचलित थीं। लेकिन एक खास साजिश के तहत उनका प्रचलन कम होता गया औऱ एलोपैथिक दवाओं का बाजार बनाए रखने के लिए उनकी महानता के गुण गाए जाने लगे। अपने यहां जड़ी- बूटियों की भारी संख्या है। जरूरत है उनके जानकारों की और उसके सही उपयोग की। आज भी आदिवासी इलाकों में जड़ी- बूटियों से रोगों को ठीक करने का चलन है। वे लोग पेट इत्यादि के लिए कभी एलोपैथिक दवाएं खाते ही नहीं । यह मैंने अपनी आंखों से देखा है। पेट के लिए तो जडी- बूटियां जादू की तरह असर करती हैं। पेट से ही हजारों रोगों का जन्म होता है। अगर अब भी आयुर्वेद को बढ़ावा मिले तो करोड़ो लोगों को राहत मिलेगी।

Tuesday, November 3, 2009

क्या सचमुच आएगा प्रलय २०१२ में

विनय बिहारी सिंह

भौतिक शास्त्रियों ने आशंका जताई है कि २०१२ में एक ग्रह- प्लैनेट एक्स पृथ्वी से टकराएगा और भयंकर भूकंप, ज्वालामुखी विस्फोट और सुनामी जैसी प्राकृतिक विनाश होगा। इसमें सभी मनुष्य मारे जाएंगे। जर्मनी के वैग्यानिक रोसी औडोनील और विली नेल्सन का कहना है कि पृथ्वी से प्लैनेट एक्स २१ दिसंबर २०१२ को टकराएगा। आपने इसका शोर टीवी चैनलों पर सुना ही होगा। लेकिन समाचार एजंसी भाषा के मुताबिक वैग्यानिक प्रोफेसर यशपाल ने कहा है कि ब्रह्मांड ऐसे हजारो क्षुद्र ग्रहों और आकाशीय पिंड चक्कर लगा रहे हैं, जो किसी भी समय पृथ्वी से काफी करीब से गुजर सकते हैं और पृथ्वी से टकरा सकते हैं। उनके मुताबिक इसकी बहुत कम संभावना है कि प्लैनेट एक्स का पृथ्वी से टक्कर हो। लेकिन उन्होंने कहा है कि अगर टक्कर हुई तो इसकी तीव्रता सबसे बड़े परमाणु विस्फोट से काफी ज्यादा होगी और एक समय जैसे डायनासोर समाप्त हो गए थे, उसी तरह पृथ्वी से मानव जाति समाप्त हो जाएगी। हाल ही आई किताब डार्क रेड प्लैनेट एक्स की पृथ्वी से टक्कर का ब्यौरा पेश किया गया है। ब्रिटिश वैग्यानिक और लेखक जेक्रियाह सिटचीन का कहना है कि प्लैनेट एक्स पृथ्वी की ओर हर ३६०० साल बाद आता है। इसके कारण पृथ्वी के साथ टक्कर की आशंका है। वैग्यानिकों का यह भी कहना है कि इस टक्कर के कारण पृथ्वी अपनी धुरी से आगे की ओर चली जाएगी। इस खबर के बाद कई लोग कह रहे हैं कि यही वह समय है जब प्रलय आयेगा लेकिन वैग्यानिकों के एक तबके का मानना है कि प्लैनेट एक्स आएगा जरूर लेकिन पृथ्वी से बिना टकराए ही चला जाएगा औऱ प्रलय नहीं होगा। लेकिन दुनिया भर वैग्यानिक यह भी मान रहे हैं कि अभी से कुछ भी कहना संभव नहीं है। यह पूरा ब्रह्मांड ईश्वर का है। वे ही इसके मालिक हैं। वे जो कुछ भी करेंगे, सबके हित में होगा। प्रलय हो तब भी और न हो तब भी।

Monday, November 2, 2009

प्रेम में रूपांतरण की ताकत

विनय बिहारी सिंह

यह कथा रामकृष्ण परमहंस सुनाया करते थे। एक शिकारी को पक्षियों का शिकार ही नहीं मिल रहा था। कई दिन बीत गए। एक दिन वह नदी के किनारे से गुजर रहा था। उसने देखा- एक साधु ताली बजा रहे हैं और भजन भी गा रहे हैं। पक्षी उनके कंधे पर बैठ रहे हैं। साधु उन्हें प्यार कर रहे हैं। यह शिकारी के लिए अद्भुत दृश्य था। आखिर इस साधु में क्या आकर्षण है? उसे देख कर तो सारे पक्षी भाग जाते हैं। शिकारी ने भी साधु की तरह दाढ़ी- मूंछें बढ़ानी शुरू कर दी। वह भी साधु की तरह कपड़े पहनने लगा। इस लालच में कि इस वेश में पक्षी आएंगे तो वह उन्हें धोखे से मार डालेगा। जब दाढ़ी पूरी तरह बढ़ गई तो उसने गेरुआ रंग का वस्त्र पहन कर उसी तरह ताली बजाने लगा और भजन भी गाने लगा। सचमुच पक्षी उसके कंधे पर बैठ गए औऱ चोंच से उसके गाल पर प्यार करने लगे। यह शिकारी के लिए नया अनुभव था। ऐसा तो उसके जीवन में कभी हुआ ही नहीं था। पक्षियों से उसका संबंध शिकार और शिकारी का था। प्यार का तो कभी रहा नहीं। पक्षियों का यह प्यार उसे अद्भुत लगा। वह रोज नदी में नहाने आने लगा और पक्षियों को बुलाकर कुछ देर उनके साथ रहने लगा। उसकी आत्मा पक्षियों को मारने से मना कर देती। वह प्यार करने वाले पक्षियों से क्रूरता से पेश ही नहीं आ पा रहा था। रामकृष्ण परमहंस कहते थे- यह है प्रेम के माध्यम से रूपांतरण। यह प्रेम अगर मनुष्यों के बीच हो तो पूरा समाज ही बदल जाए। और अगर यह प्यार ईश्वर के प्रति हो तो फिर आपका जीवन ही बदल जाएगा। कोई चिंता ही नहीं रहेगी। आनंद ही आनंद रहेगा। रामकृष्ण परमहंस कहते थे- सबसे ज्यादा हमसे ईश्वर ही प्रेम करता है। अगर उसके प्रेम का जवाब हम देंगे तो फिर हमारे जीवन में किसी चीज की कमी नहीं रहेगी।