Monday, February 15, 2010

एक रुपए में किसी चीज से पूरा कमरा भर की कला

विनय बिहारी सिंह

एक सन्यासी के पास दो युवक शिष्य बनने गए। सन्यासी ने उन्हें एक रुपया दिया और कहा कि इससे बाजार से कोई ऐसी चीज खरीद कर लाओ जिससे पूरा कमरा भर जाए। पहले युवक ने सोचा- एक रुपए में कबाड़ी के यहां से ढेर सारा कचरा मिल जाएगा और कमरा भी भर जाएगा। लेकिन दूसरा युवक ध्यान करने बैठ गया। सोचा- आठ आने में मोमबत्ती और आठ आने में अगरबत्ती मिल जाएगी। मोमबत्ती से पूरे कमरे में प्रकाश भर जाएगा और अगरबत्ती से पूरे कमरे में सुगंध भर जाएगी। दोनों युवक शाम को सन्यासी के पास पहुंचे। दूसरे युवक ने अपने कमरे में मोमबत्ती और अगरबत्ती जला दी। सचमुच प्रकाश और सुगंध से कमरा दिव्य हो गया। सन्यासी बहुत खुश हुए। लेकिन पहले युवक के कमरे में जाते ही उन्हें कचरे की दुर्गंध मिली। उन्होंने नाक पर रुमाल रखा और कचरा तुरंत साफ करने को कहा। फिर कमरा धुलवाया और उसमें भी अगरबत्ती जलवाई। पहले युवक को वहां से तुरंत चले जाने को कहा। दूसरे युवक को उन्होंने अपना शिष्य बना लिया। सन्यासी ने पहले शिष्य से कहा- ठीक इसी तरह हमारा मन है। इसमे अगर अच्छी चीजें रखी जाएंगी तो जीवन सुखमय और सुगंधित होगा, लेकिन अगर इसमें नासमझी से कचरा डालने लगेंगे तो जीवन बदतर होता जाएगा। हम जाने अनजाने अपने दिमाग में न जाने कितने कचरे भरते रहते हैं। कभी टीवी देख कर तो कभी कोई तथाकथित जासूसी किताबें पढ़ कर। कुछ लोगों को तो ऐसे प्रोग्राम या ऐसी किताबें पढ़ने में बड़ा सुख मिलता है। लेकिन इसका हमारे दिमाग पर कितना खराब असर पड़ता है, यह हम नहीं समझ पाते क्योंकि यह असर इतना सूक्ष्म होता है कि जब इसका रिजल्ट आता है तब पता चलता है। इसीलिए बीच बीच में यह मंथन जरूरी है कि हमें क्या कुछ पढ़ना और देखना (टेलीविजन) है । एक सज्जन ने पूछा कि तो क्या हम आपकी तरह दिन रात धार्मिक किताबें ही पढ़ते रहें? आपकी इसमें रुचि हो सकती है, सबकी तो नहीं हो सकती। मैंने कहा कि मैं तो यह कभी नहीं कहता। आप साहसी लोगों की जीवनी पढ़िए, रचनात्मक लोगों के बारे में पढ़िए। सफल लोगों की कहानी पढ़िए। कुछ अच्छी चीजें दिमाग में जाएंगी तो आपका चिंतन भी उसी तरह का होगा। अन्यथा हमेशा दुखी लोगों के बारे में पढ़ते रहेंगे तो खुद ही दुखी हो जाएंगे और आपका चिंतन भी उसी तरह का होगा।

Saturday, February 13, 2010

बहुत आनंदमय बीती महाशिवरात्रि

विनय बिहारी सिंह

महाशिवरात्रि का पर्व खूब आनंदमय बीता। वैसे तो हर साल यह दिन और रात हमारे लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। लेकिन इस साल तो जैसे सोना में सुगंध था। विशाल मंदिर परिसर में बैठे हुए हम कई लोग विभिन्न साधकों की शिव स्तुति सुन रहे थे। ढोलक, बांसुरी और हारमोनियम पर भी साधक ही थे। जैसे- जैसे रात गहरा रही थी, मानो हम सब पर एक आध्यात्मिक नशा गहराता जा रहा था। इसमें शिव मंत्र, भजन और वाद्य यंत्रों का सामंजस्य ऐसा बन रहा था कि जैसे सब कुछ हमारे भीतर गहरे उतरता जा रहा था। कुछ लोग शिव के मोहक भजन सुन कर चुपके से रो रहे थे। लेकिन मुझे कुछ भी असहज नहीं लगा क्योंकि रोने वालों में मैं भी था। जिस भजन पर हम कुछ लोग रोए वह था- शिव, शिव, शिव शंभो, शंकर महादेव।........ वचन दिया था आने का, अब तक नहीं आए भगवन।। यह मेरे जीवन का चकित करने वाला अनुभव था। भाव विभोर भजन सुनते हुए मेरी आंखों से आंसू गिर रहे हैं, यह पहली बार हुआ। लेकिन यह सहज था, इसलिए मैंने भी खुद को नहीं रोका। जो हो रहा है, हो। मेरे आनंद में कमी नहीं आनी चाहिए। यह भी समझ में आया रोने के बाद गहरी शांति और आनंद का बोध होता है। एक मस्ती सी छा जाती है। लगता है अनंत महादेव भगवान शिव के भीतर ही मैं हूं और वे मेरे भीतर हैं। यानी हम और वे एक ही हैं। अन्य कोई चीज तो है ही नहीं। इसके बाद हम सबने श्वेत धवल शिवलिंग का दर्शन और प्रणाम किया। फिर आया प्रसाद पाने का क्षण। प्रसाद पा कर सुख से रात बीती। काश हर रात शिवरात्रि होती। शिवरात्रि के पहले से ही पता नहीं क्यों ऐसा माहौल बन जाता है कि बार- बार भगवान शिव की तरफ ही बार- बार ध्यान जाने लगता है। सिर पर जटा जूट यानी ब्रह्मलोक। ललाट के ऊपर चंद्रमा यानी अत्यंत शांत मन। गले में सर्प यानी कुंडलिनी का सहस्रार चक्र में मिल जाना। डमरू यानी ऊं ध्वनि। त्रिशूल यानी सत्व, रज और तम के परे भगवान शिव। न कुछ लिखने पढ़ने का मन करता है औऱ न ज्यादा बात करने का। बस जहां आदिदेव का स्मरण है, आनंद है। मेरे कुछ मित्रों ने भी श्रद्धा से शिवरात्रि मनाई। शिवरात्रि के दिन वे लोग सुबह सुबह ही शिव मंदिर में बेलपत्र, फूल और फल चढ़ाने पहुंच गए थे। फिर दिन भर व्रत और रात को सूजी की खीर जिसमें अत्यधिक किशमिश और अन्य सूखा फलों का मिश्रण था। फिर रात भर भगवान शिव की कथा का श्रवण। इसमें मार्कंडेय पुराण का पाठ भी शामिल है। लेकिन उन्होंने संस्कृत वाला अंश छोड़ कर सिर्फ अर्थ वाला हिस्सा पढ़ा। इस तरह पाठ जल्दी हो गया और कुछ और भजन और श्लोक पाठ का आनंद भी मिला। कुछ अन्य लोगों ने सुबह शिव मंदिर में जल चढ़ाया और फिर अपने कामकाज में लग गए। लेकिन कुछ ऐसे लोग भी थे जिन्हें शिवरात्रि के दिन कोई फर्क नहीं पड़ा। उनके लिए क्या शिवरात्रि और क्या अन्य दिन। सब एक बराबर। यह अपने- अपने जीने का ढंग है।

Tuesday, February 9, 2010

एक यूरोपियन साधु से मुलाकात

विनय बिहारी सिंह

मैं योगदा सत्संग सोसाइटी आफ इंडिया के दक्षिणेश्वर (कोलकाता) स्थित आश्रम में खड़ा था। तभी एकदम लाल रंग की लुंगी और कुर्ता पहने एक यूरोपियन साधु को देखा। इच्छा हुई बातचीत करनी चाहिए। उनके ललाट पर लाल रंग का टीका था। आंखें नीली, त्वचा अत्यंत गोरी। बातचीत से और स्पष्ट हो गया। मैंने पूछा कि वे किस संप्रदाय के साधु हैं? उन्होंने बताया- किसी संप्रदाय के नहीं। मैंने पूछा- तो यह लाल रंग का कपड़ा क्यों? उन्होंने कहा- मैं मां काली का भक्त हूं। इस संसार में उनके अलावा मेरा कोई नहीं। मैंने पूछा- आप किस देश के हैं? वे बोले- किसी देश का नहीं। मां काली ही मेरा देश हैं। मैंने पूछा- मां काली को आपने कब जाना? उन्होंने कहा- बचपन से ही उन्हें जानता हूं। (अब जाकर वे थोड़े खुले) मेरा जन्म ईसाई धर्म वाले परिवार में हुआ। लेकिन मैं होश संभालते ही मां काली को खोजने लगा। संयोग से भारत आने का सौभाग्य मिला और मां काली का दर्शन पाकर मुझे लगा- अहा, मां तो यहां हैं। फिर उन्होंने मुझसे पूछा- यह जादुई आकर्षण क्या पूर्व जन्म के किसी संबंध के कारण है। मैंने कहा- बिल्कुल। मैंने पूछा- आपने किसी संप्रदाय से दीक्षा ली हुई है? वे बोले- हां, मैं स्वामी शिवानंद के आश्रम से दीक्षा ले चुका हूं। लेकिन मैं फिर एक जगह दीक्षा लेना चाहता हूं। मैंने पूछा- आप दुबारा कहां दीक्षा लेने वाले हैं? उन्होंने कहा- मैं नाथ संप्रदाय से दीक्षा लेने की सोच रहा हूं। फिर उन्होंने और भी बातें कीं जो यहां लिखना नहीं चाहता क्योंकि वे उनकी साधना से संबंधित हैं और किसी की साधना के बारे में बिना उनकी अनुमति के बताना उचित नहीं है। लेकिन उनकी बातचीत से लगा कि वे संतुष्ट नहीं है। भगवान को पाने के लिए अत्यंत छटपटाहट है, बेचैनी है। इसीलिए वे कोई और गहरी और प्रभावकारी साधना की तलाश में है। हालांकि वे एक सीमा तक वे पहुंच चुके हैं। लेकिन उससे वे संतुष्ट नहीं हैं। उनकी बातें बहुत प्यारी और मोहक थीं। उन्होंने कुछ जानकारियां चाहीं। मेरे पास जितनी जानकारी थी, उन्हें दे दी। वे प्रसन्न दिखे और ज्योंही उनसे विदा लेकर मैं पीछे मुड़ा उन्होंने फिर थैंक यू कहा। लेकिन रह रह कर वे याद आ रहे हैं। उनकी मां काली के प्रति गहरी भक्ति अद्भुत है। ऐसी भक्ति बहुत कम लोगों में होती है। उन्होंने कहा- मै सांस भी मां काली की कृपा से ले रहा हूं। मैं उनकी बातों से सुख पा रहा था। सोच रहा था- इतनी भक्ति मेरे भीतर भी होनी ही चाहिए। तभी काम बनेगा। वे मां काली के प्रेम से ओत- प्रोत थे।

Saturday, February 6, 2010

कहीं इस आदत के शिकार आप भी तो नहीं

विनय बिहारी सिंह

पिछले वृहस्पतिवार को इंटीग्रेटेड आंको थिरैपी के एक कार्यक्रम में जाने का मौका मिला। वहां एलौपैथिक डाक्टरों से लेकर होमियोपैथ और आयुर्वेद तक के डाक्टरों ने एक स्वर में यही कहा कि सिगरेट और गुटका तो जहर हैं ही, सुरती और जर्दा भी बेहद खतरनाक हैं। तंबाकू कैंसर को जन्म देता है। इससे पीड़ित मनुष्य दर्द से जब छटपटाता है तो हृदय कांप जाता है। इसके एक दिन पहले कोलकाता के आमरी अस्पताल के डाक्टर केएम मंदाना और निजी शल्य चिकित्सक डाक्टर विकास अगरवाल से भेंट हुई। इन लोगों ने कहा कि हमने बार- बार कहा है कि सिगरेट और गुटका जहर है। लेकिन हमारे मना करने के बावजूद लोग धड़ल्ले से इसका इस्तेमाल कर रहे हैं। बच्चों तक को गुटका खाने की लत लग गई है। गांवों में महिलाएं भी गुटका खा रही हैं। कोई रोकने वाला नहीं है। समझाने वाला नहीं है। इससे दांत तो गंदे होते ही हैं, स्वास्थ्य भी चौपट होता है। उन्होंने बताया कि किस तर ३५ साल के एक नौजवान व्यक्ति की जीभ काट देनी पड़ी क्योंकि वह २० साल से तंबाकू का सेवन कर रहा था और उसकी जीभ का पिछला हिस्सा पूरी तरह कैंसर की चपेट में था। उन्होंने ऐसे ही कई उदाहरण दिए जो हृदय विदारक हैं। तब सवाल उठता है कि लोग क्यों ऐसी जानलेवा आदतों के गुलाम हो गए हैं। सभी डाक्टरों का कहना है कि ऐसे लोगों में इच्छा शक्ति नहीं होती। वे समझते हैं कि सिगरेट या गुटका उनसे ज्यादा बलवान है। वे उनके आगे हार मान लेते हैं। जो लोग दृढ़ता के साथ एक बार ठान लेते हैं कि वे अब तंबाकू की ओर देखेंगे भी नहीं, वे तो इसे छोड़ने में सफल हो जाते हैं लेकिन जो शुरू में तो दृढ़ता के साथ प्रण करते हैं लेकिन दो- चार दिन बाद कमजोर पड़ जाते हैं, उनका सिगरेट या गुटका पीछा नहीं छोड़ता। प्रकृति का नियम है कि हमला हमेशा कमजोर पर ही पहले होता है। अगर आपका शरीर कमजोर है तो बीमारी सबसे पहले आपको ही घेरेगी। अगर आपका मन कमजोर है तो सबसे पहले गुस्सा, तनाव, घबराहट, डर और चिंता आपको ही सबसे पहले दबोचेंगे। ऋषियों ने कहा है कि ईश्वर पर भरोसा कीजिए और उसे साथ लेकर अपने मन को दृढ़ करते रहिए। फिर आपको कोई चिंता नहीं। मन और शरीर को पुष्ट रखना बहुत जरूरी है। आप कोई भी काम इन्हीं दोनों की मदद से करते हैं। इसीलिए आत्ममंथन कर देखना चाहिए कि कहीं हमारा मन या शरीर कमजोर तो नहीं है। अगर है तो उसे दूर करने के उपाय करना चाहिए। अन्यथा कमजोरी भी हमारे मन में स्थाई घऱ बना लेगी। तब आप उसे बार- बार भगाएंगे और वह बार- बार आपके भीतर लौट आएगी। ऐसा न हो इसके लिए दृढ़ बन कर डटे रहिए।

Friday, February 5, 2010

राक्षस की जान तोते में

विनय बिहारी सिंह

बचपन में मां से एक कहानी सुनी थी। जब बड़ा हुआ तो इसका अर्थ समझ में आया। मेरे बचपन में गांवों में मनोरंजन का साधन खेल- कूद, रविवारीय परिशिष्ट वाले अखबार, कार्टून की किताबें और मां या दादी की कहानियां हुआ करती थीं। उस समय मेरे गांव में टीवी तो दूर की बात थी, इक्का- दुक्का लोगों के पास ही रेडियो था। मैं रात को सोते वक्त रोज मां से कहानियां सुनाने की जिद करता था। लेकिन वे रोज कहानियां नहीं सुना पाती थीं और कहानी सुनाने की रट के कारण मुझे डांटती भी थीं। लेकिन मुझ बच्चे का मन मां की मुग्धकारी कहानियों में लगा रहता था। हफ्ते में दो- तीन दिन कहानी सुनने का आनंद मैं ले ही लेता था। मां की मृत्यु मेरे बचपन में ही हुई थी। लेकिन उनकी कहानियां मुझे आज तक सोचने और चिंतन करने को प्रेरित करती हैं। मेरे बचपन में जो कार्टून के पात्र थे उनमें मैंड्रेक और फैंटम के इर्द- गिर्द कहानियां घूमती थीं। मैंड्रेक विलक्षण जादूगर था और फैंटम गजब का शक्तिशाली और हमेशा मास्क पहने रहता था। ये कहानियां ब्रिटेन की थीं जो हिंदी में रूपांतरित हो कर हम तक पहुंचती थीं। उस जमाने में कोई भारतीय पात्रों को कार्टून बनाने वाले लोग नहीं थे। बचपन की याद ताजा करते हुए जब मैं जब हैरी पाटर के कारनामों की कथा एक बच्चे की किताब से पढ़ी तो पता चला कि यह हैरी पाटर हमारे जमाने के मैंड्रेक का ही दूसरा संस्करण है। हू-ब-हू तो नहीं लेकिन एक हद तक। सॉरी, यह ब्लाग परिवार के अनुभव सुनाने के लिए नहीं है। तो बात हो रही थी, राक्षस की। राक्षस बहुत ही शक्तिशाली था और एक राजा की प्रजा को तंग करता रहता था। राजा ने उससे युद्ध किया और तब उसे समझ में आया कि राक्षस को हराना बहुत मुश्किल है। तभी गुप्तचर ने राजा को सूचना दी कि राक्षस के प्राण तो तोते में अंटके रहते हैं। बस क्या था। राजा ने उस तोते का पता लगाया और तोते को मार डाला। ज्योंही तोते के प्राण निकले, राक्षस के भी प्राण निकल गए। यह कहानी विस्तार में अत्यंत ही रोचक है। जब मैं बड़ा हुआ तो पाया कि यह तो आसक्ति की कथा है। तोता मनुष्य की आसक्तियों का प्रतीक है। जैसे- जैसे आसक्ति होगी, वैसे वैसे हम राक्षस के चंगुल में रहेंगे। जिस चीज में हम आसक्त रहते हैं, उसे अगर नुकसान हो जाए तो हमारे प्राण छटपटाने लगते हैं। इसीलिए ऋषियों ने कहा है आसक्ति हमें गुलाम बनाती है। जैसे उस राक्षस को गुलाम बनाए हुए थे, वरना तो वह बहुत शक्तिशाली था। क्या हमें अपनी आसक्तियों का आत्मनिरीक्षण नहीं करना चाहिए?

Wednesday, February 3, 2010

कबीर की बातें याद करें तो ही अच्छा

विनय बिहारी सिंह

सैकड़ो वर्ष पहले कबीर ने जो बातें कहीं, उन्हें फिर से पढ़ कर हमें नई रोशनी मिल सकती है। ऊपरी वेशभूषा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा है- मन ना रंगाय, रंगाय जोगी कपड़ा। दाढ़ी बढ़ाय, जोगी होय गैले बकरा।। यानी गेरुआ कपड़ा पहनने से कुछ नहीं होगा, मन ईश्वर में रंगा होना जरूरी है। मन चंचल हो और आपने खूब साफ सुथरा सुंदर कपड़ा पहना हो, सोने के पलंग पर सो रहे हों तो उससे अच्छा तो वह है जो कम संसाधनों में रहता है लेकिन उसका मन शांत, तनाव रहित और उत्साह से भरा हो। कबीरदास ने कहा है- सब धऱती कागद करूं........ यानी समूची पृथ्वी अगर कागज के रूप में इस्तेमाल करूं, समूचे समुद्रों को स्याही के रूप में और समूचे जंगलों को कलम के रूप में इस्तेमाल करूं, तो भी गुरु की महानता का वर्णन नहीं कर सकता। क्योंकि गुरु साधना के पथ पर आपको संभालता है। अन्यथा आपने अगर कोई व्रत लिया तो आपका आवारा मन हो सकता है उस व्रत को तोड़ने के लिए बार- बार ललचाए। ज्योंही आप व्रत तोड़ देंगे, माया या डिलूजन या शैतान बहुत खुश। भगवान कृष्ण ने गीता में कहा है- मम माया दुरत्यया। यानी मेरी माया बहुत बलवान है। लेकिन जो मेरी शरण में रहता है, उसके पास माया फटकती भी नहीं है। कबीरदास ने कहा है- काहें रे नलिनी तू कुम्हलानी, जल में जनम, जल में वास। जल में नलिनी तोर निवास.... यानी अरे मनुष्य ईश्वर के अंश हो कर तुम क्यों उदास और तनावग्रस्त रहते हो। ईश्वर तो तुम्हारे भीतर हैं। बाहर भी हैं। तुम तो ईश्वर से ओतप्रोत हो। सिर्फ महसूस करने भर की देर है। एक बार अत्यंत शांत हो कर ईश्वर की शरण में जाइए तब पता चलेगा कि इससे कितना आनंद मिलता है।

Tuesday, February 2, 2010

रमण महर्षि को फिर याद करते हुए

विनय बिहारी सिंह

आइए, एक बार फिर रमण महर्षि को याद करें। वजह? जितनी बार उन्हें याद करेंगे, सुखद अनुभव होगा। शुरूआती दिनों में जब रमण महर्षि वीरूपाक्ष गुफा में साधना रत थे तो वहां भक्त जाते रहते थे। हर वक्त भक्तों की टोली वहां रहती ही थी। रमण महर्षि जब स्नान करने जाते थे तो उनके दर्शन हो जाते थे। भोजन इत्यादि तो दिन में एक बार ही करते थे या वह भी नहीं। भोजन उनके लिए महत्वपूर्ण नहीं था। स्वाद की तो बात ही छोड़ दीजिए। एक बार कुछ भक्त इकट्ठे थे। रविवार का दिन था। तभी पास से शेर के दहाड़ने की आवाज आई। भक्त डर गए। वे जोर- जोर से अपने साथ ले गई थाली बजाने लगे, शोर करने लगे। दरअसल नजदीक के तालाब में शेर पानी पीने आया था। थोड़ी देर बाद शेर के दहाड़ने की आवाज फिर आई। जब भक्त देर तक थाली बजाते रहे तो रमण महर्षि ने कहा- तुम लोग डरते क्यों हो? किस बात का डर है। यह तो इन्हीं पशुओं का साम्राज्य है। हम तो इनके अतिथि हैं। वे हमें नुकसान नहीं पहुंचाते। वे बिल्कुल मित्र की तरह रहते हैं। देखो, जब शेर पानी पीने आता है तो मुझे बताता है- वह पानी पीने आ गया। फिर जब पानी पी लेता है तो कहता है- अब वह जा रहा है। दो बार दहाड़ कर अक्सर वह यही कहता है वह। तब भक्तों ने पूछा कि क्या यह सच है कि एक सांप आपके शरीर पर आ कर चढ़ जाता है और आपके शरीर पर रेंगना उसे अच्छा लगता है? रमण महर्षि ने कहा- हां, यह सच है। लेकिन अब वह सांप नहीं आता। वह जब मेंरे पैर पर चढ़ता था तो मुझे गुदगुदी लगती थी और मैं पैर खींच लेता था। लेकिन वह थोड़ी देर मेरे शरीर पर रेंग कर अपने आप चला जाता था। लेकिन अब उसने आना बंद कर दिया है। एक बार किसी भक्त से रमण महर्षि ने कहा था- यहां कई महान आत्माएं रहती हैं। वे विभिन्न रूपों में मुझसे मिलने आती हैं। रमण महर्षि अत्यंत मृदु स्वभाव के थे। वे हमेशा यही कहते थे- जब कभी तुम्हें किसी आध्यात्मिक बात में कनफ्यूजन हो, अपने आप से पूछो- मैं कौन हूं? इस प्रश्न को तलाशते हुए ही ईश्वर के करीब पहुंचा जा सकता है। रमण महर्षि एक मामूली कौपीन छोड़ कर कोई कपड़ा नहीं पहनते थे। कौपीन लंगोट जैसा होता है। वे वैराग्य के प्रतीक थे। वे किसी वस्तु से बंधे नहीं थे। आसक्ति उनमें थी ही नहीं। भक्तों से वे कहते थे- भय, क्रोध, लोभ, मोह और तमाम कामनाएं ईश्वर प्राप्ति की राह में बाधाएं हैं। आप निर्विकार अपने शांत स्वरूप आइए, ईश्वर से संपर्क हो जाएगा। नींद में तो हम यह भी नहीं जानते कि किस बिस्तर पर सोए हैं, हमने क्या खाया है या हमारी पहचान क्या है। हम तो बेसुध होकर सोते हैं। जगने के बाद ईश्वर से संपर्क के लिए नींद वाली मानसिक अवस्था में आ जाइए। यानी- कुछ भी सोचना बंद कीजिए। महसूस कीजिए कि आप ईश्वर के अंश हैं। बस ईश्वर से संपर्क हो जाएगा। दिमाग मत लगाइए। श्रद्धा और भक्ति के साथ ईश्वर में लीन हो जाइए।