Monday, February 1, 2010

त्याग किसे कहते हैं?

विनय बिहारी सिंह

एक साधक ने पिछले दिनों प्रश्न किया कि त्याग क्या है? किसका त्याग? एक वरिष्ठ सन्यासी ने कहा- काम, क्रोध, मद, लोभ, ईर्ष्या, द्वेष का त्याग सबसे पहले जरूरी है। गीता के तीसरे अध्याय में भगवान श्रीकृष्ण ने कहा है- काम ही इंद्रियों के माध्यम से हमें बंधन में डालता है और मुक्ति नहीं हो पाती। शास्त्रों ने भी कहा है- मन एव मनुष्याणां कारणं बंध मोक्ष्यो।। मन ही बंधन और मोक्ष का कारण है। इसलिए मन को नियंत्रित करें। मन कैसे नियंत्रित होगा? उत्तर मिला- अभ्यास से। एक गाय को बहुत लंबी रस्सी से बांधा गया था। वह बहुत उपद्रवी थी। वह चारो ओर घूमती और उछल- कूद करती रहती थी। उसके मालिक ने रस्सी थोड़ी छोटी कर दी। गाय तब भी उछल कूद करती थी, लेकिन कम। धीरे- धीरे गाय के मालिक ने रस्सी बिल्कुल छोटी कर दी। इतनी छोटी कि गाय मुश्किल से खड़ी होती थी। तब वह उछल कूद क्या करती। चुपचाप खड़ी रहती थी। मन बिल्कुल इसी तरह का है। उसे जितनी छूट दी जाएगी, वह उतना ही कूदेगा, जहां- तहां बेकार में भ्रमण करेगा। सन्यासी ने कहा- जब आप ध्यान करने बैठिए तो मन बिल्कुल ईश्वर के रूप पर ही रखिए। शुरू में ईश्वर के सुंदर रूप पर ध्यान केंद्रित करिए। जब भी मन इधर- उधर जाए, आप मन को वापस खींच कर ईश्वर के रूप पर ले आइए। धीरे- धीरे आपका मन भी गाय की तरह स्थिर हो जाएगा। तब तो ईश्वर का अनुभव भी प्रारंभ हो जाएगा। सन्यासी ने कितनी सुंदर बात कही। सचमुच अभ्यास से कुछ भी संभव है। लेकिन कई लोग पहले ही डर जाते हैं कि उनका मन स्थिर नहीं होगा। एक बार मन को दृढ़ कर लिया तो बस कोई भी रचनात्मक काम हो कर रहेगा। मुख्य वस्तु है ईश्वर में ध्यान। ईश्वर से प्रेम। इस प्रेम से कुछ भी संभव है।

Saturday, January 30, 2010

हम हैं ही क्या, पानी के बुलबुले

विनय बिहारी सिंह

मनुष्य को आखिर किस बात का अहंकार रहता है? न तो उसके हाथ में जन्म लेना है और न ही मृत्यु। वह तो ईश्वर के हाथ की कठपुतली है। ऐसे अनेक लोग मिल जाएंगे जो हुंकार के साथ कहते हैं कि अमुक काम उन्होंने किया। लेकिन क्या यह सच है? काम तो सब ईश्वर करता है, लेकिन नाम हमारा होता है। इसीलिए तो बंगाल के विख्यात काली भक्त रामप्रसाद ने गीत लिखा- तुमार काज तुमी करो, लोके बोले करी आमी।। यानी मां, तुम्हारा काम तुम ही करती हो, लेकिन लोग कहते हैं कि मैं कर रहा हूं। रामप्रसाद कहते थे कि यह ब्रह्मांड जगन्माता चला रही हैं। वे खुद को छुपाए रखती हैं। उनमें अहंकार नहीं है, अन्यथा वे छुपती ही क्यों? लेकिन साढ़े तीन हाथ का मनुष्य इतना अहंकारी है कि वह छोटा से छोटा काम भी- मैंने किया, मैंने किया कह कर संतुष्टि पाता है। रामकृष्ण परमहंस खुद को मैं नहीं कहते थे। वे अपना शरीर दिखा कर कहते थे कि यहां। मैं के बदले वे यहां कहते थे। जैसे- मान लीजिए उन्हें कहना है कि मुझे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता। तो वे कहते थे- यहां इस बात को कोई फर्क नही पड़ता। जब पूछा जाता था कि वे मैं शब्द का इस्तेमाल क्यों नहीं करते तो वे कहते थे, मैं तो कुछ करता नहीं, मैं रथ हूं, ईश्वर रथी हैं। मैं यंत्र हूं और ईश्वर यंत्री हैं। वे कहते थे- मैं कहने से तो अहंकार होता है। इसलिए इस मैं को ही खत्म कर दिया जाए। सामान्य व्यक्ति ऐसा नहीं कर सकता, लेकिन मैं के भाव से ऊपर तो उठ ही सकता है। यह तो सोच ही सकता है कि मनुष्य ईश्वर के अधीन है। उसकी अपनी कोई सत्ता नहीं है। इसलिए अगर हमारे जीवन में कुछ अच्छा हो रहा है या हुआ है तो इसे ईश्वर की कृपा ही मानें। इसके लिए ईश्वर का धन्यवाद करें। अहंकार से तो कुछ मिलने वाला नहीं है। जो अनंत कोटि ब्रह्मांड चला रहा है, उसके सामने हम हैं ही क्या? लेकिन ईश्वर की कृपा देखिए कि सर्वशक्तिमान, सर्वव्यापी और सर्वग्य होकर भी ईश्वर हमसे कितना प्यार करते हैं। वे हमारा प्यार पाने के लिए कितना व्याकुल रहते हैं। इसकी वजह क्या है? वजह सिर्फ एक ही है- हम उनकी संतान हैं। हमें बस उनकी शरण में जाना है। एक बार उनसे अटूट संबंध बन जाए तो बस किसी बात की चिंता नहीं है। यानी प्रेम ही वह तरीका है जिससे हम भगवान को जीत सकते हैं। यह प्रेम कैसा हो? यह प्रेम बिल्कुल निर्मल, दिव्य और श्रद्धा में पगा हो। कहीं भगवान का नाम सुन लिया तो मन में प्रेम की हिलोरें मारने लगें। यही लक्षण है प्रेम का। असली प्रेम तो सिर्फ ईश्वर से ही हो सकता है क्योंकि वही हमारे माता, पिता, बंधु या सखा और ग्यान हैं। वे नहीं तो यह संसार कैसे अच्छा लगेगा? ईश्वर हैं तो सबकुछ है। बिना ईश्वर के जो जीते हैं, वे कैसे जीते होंगे, सोच कर आश्चर्य होता है।

Friday, January 29, 2010

क्या आपका मन शांत नहीं रहता?

विनय बिहारी सिंह

कल एक सन्यासी से मैं पुस्तक मेले में उपलब्ध आध्यात्मिक पुस्तकों की उपलब्धता पर बात कर रहा था। अचानक एक सज्जन महिला आईं और उन्होंने कहा कि उनके मन से घृणा निकल ही नहीं रही है। सन्यासी ने कहा- उस घृणा को प्यार से बदल दीजिए। जो व्यक्ति आपसे घृणा कर रहा है या आप जिससे घृणा कर रही हैं उसे प्यार करने लगिए। सुनने में आपको अजीब लगेगा लेकिन एक बार आप ऐसा करके तो देखिए। यही काम अपने शत्रु के प्रति भी कीजिए। कोई आपका शत्रु है, लेकिन आप मन से उस व्यक्ति को प्यार का स्पंदन भेजिए। यह बहुत कठिन है लेकिन असंभव नहीं है। आप इसका परिणाम देख कर चकित रह जाएंगे। यह चमत्कार है। आप उस आदमी के पास जाकर मत कहिए कि मैं आपसे प्यार करती हूं। कुछ भी कहने की जरूरत नहीं है। बस आप मन में उस व्यक्ति के प्रति प्यार पैदा कीजिए। जब प्यार पैदा होने लगे तो अपना वह स्पंदन उसे भेजते रहिए। महिला संतुष्ट हुईं। इसके बाद महिला का अगला सवाल था- मन शांत कैसे हो? हमेशा अशांत रहता है। यह भी जेनुइन सवाल था। सन्यासी बोले- पहले खोजिए कि मन किस बात पर अशांत रहता है। उसे नोट करिए। उस कारण को खत्म करने की कोशिश कीजिए। तब महिला ने प्रश्न किया- अगर कारण पकड़ में आ जाए औऱ मैं उसे खत्म करने में असमर्थ होऊं तो क्या करना चाहिए। सन्यासी ने कहा- आप अपनी तरफ से ईमानदार कोशिश कीजिए कि मन जिन कारणों से अशांत है, वे खत्म हो जाएं। लेकिन जब आपकी अथक कोशिश से भी कुछ नहीं हो रहा है तो बस उसे आप ईश्वर पर छोड़ दीजिए। ईश्वर सिर्फ यही देखते हैं कि आप ईमानदारी से कोशिश कर रहे हैं कि नहीं। एक बार उन्हें पता चल जाए कि आप उनसे प्रेम करते हैं और अशांति के कारणों को खत्म करना चाहते हैं तो वह आपकी मदद करेगा। मां भी बच्चों को तभी कुछ खाने को देती है जब वे मांगते हैं। आप भी श्रद्धा और भक्ति के साथ ईश्वर से प्रार्थना कीजिए कि हे प्रभो, मेरी समस्या का समाधान कीजिए। मैं तो कोशिश करके थक गया। अगर आपकी पुकार दिल से निकल रही है तो ईश्वर उसे जरूर पूरी करेंगे। लेकिन कई लोग काम हो जाने के बाद ईश्वर को भूल ही जाते हैं। हम उस ईश्वर को कैसे भूल सकते हैं जिसने हमें इस पृथ्वी पर पाठ सीखने के लिए भेजा। यह जानने के लिए भेजा कि हम नाहक सांसारिक लालच और प्रपंच में फंसे रहते हैं। एक चीज मिलती है तो दूसरी के लिए ललक बढ़ती है। दूसरी मिलती है तो तीसरी के लिए मन छटपटाने लगता है। लेकिन कभी ईश्वर को पाने के लिए मन तो नहीं छटपटाता? साड़ी के लिए, पैंट और शर्ट के लिए, अच्छे से अच्छे भोजन के लिए मन छटपटाता रहता है। कई लोग तो पूजा करते वक्त भी यही सोचते रहते हैं कि भोजन में क्या बना है। कई लोग ध्यान करते हुए सोचने लगते हैं कि बाजार से क्या लाना है। या अमुक काम कैसे होगा। कई लोग तो यह भी कहते हैं कि ध्यान करते वक्त ऐसी बातें याद आने लगती हैं जो भूल चुके हैं। लेकिन उस दौरान अपनी चेतना ईश्वर में लय करनी होती है। सोचना कुछ नहीं है, बस अनुभव करना है। ईश्वर में लय होना है और ईश्वर आनंद से ओतप्रोत होना है। ईश्वर तो शरीर मन, बुद्धि, अहं से अलग हैं। इसलिए तरह तरह की बातें सोचना क्यों? इस चिंतन से तो कोई लाभ नहीं होने वाला? लेकिन ध्यान से अपार लाभ होगा। मन शांत रहेगा और ईश्वर की कृपा बरसेगी।

Wednesday, January 27, 2010

सब कुछ ब्रह्म ही है

विनय बिहारी सिंह

ऋषियों ने कहा है कि सर्वं खल्विदं ब्रह्मं यानी सब कुछ ब्रह्म ही है। ऋषियों ने यह भी कहा है- एको ब्रह्म द्वितीयो नास्ति यानी इस ब्रह्मांड में केवल और केवल ब्रह्म ही है। यह बात कितनी सटीक लगती है। भगवान कृष्ण ने गीता में कहा है कि मैं मनुष्य के हृदय में हूं। तब एक नए साधक ने उच्च कोटि के सन्यासी से प्रश्न किया कि अगर ईश्वर मनुष्य के हृदय में है तो वह महसूस क्यों नहीं होता? सन्यासी ने कहा- जिस मनुष्य के हृदय में वासनाओं, कामनाओं का आधिपत्य रहेगा, उसे ईश्वर की उपस्थिति कैसे जान पड़ेगी? आप जानते हैं कि अत्यंत तली- भुनी और गाढ़े मसाले में बनाई गई सब्जी या पकवान स्वास्थ्य के लिए घातक है। लेकिन चूंकि यह पकवान स्वादिष्ट लगता है, इसलिए अनेक लोग स्वास्थ्य की अनदेखी करते हैं। उनका रवैया यही रहता है कि अच्छा देखा जाएगा, फिलहाल तो खा लेते हैं। इसी तरह दिन पर दिन बीतते जाते हैं और जीवन के कई साल बीत जाते हैं क्योंकि चटपटा और खूब तले- भुने भोजन या जलपान के बिना उन्हें लगता है जीवन फीका पड़ गया। लेकिन जब इसी कारण तमाम तरह की गड़बड़ियां पैदा होने लगती हैं तो डाक्टर के पास दौड़ा- दौड़ी शुरू हो जाती है। इसी तरह हम जानते हैं कि हमारे हृदय में ईश्वर है, लेकिन हमारी वासनाएं, कामनाएं इतनी प्रबल होती हैं कि सोचते हैं कि पहले इसे पूरा कर लें, भगवान को बाद में महसूस करेंगे। भगवान को महसूस करने के लिए तो शांति चाहिए। मन शांत रहता है क्या? यह प्रश्न पूछिए तो ज्यादातर लोग कहते हैं कि नहीं। मन स्थिर रखना ही अनेक लोगों के लिए एक समस्या है। तो मन क्यों चंचल रहता है? इसका वे उत्तर नहीं दे पाते। कई लोग कहते हैं- पता नहीं। दरअसल मन की गति की तरफ हमने कभी ध्यान ही नहीं दिया है। ध्यान देंगे और उसकी गतिविधि जानेंगे तब तो उसे नियंत्रण में करेंगे? इसीलिए हमारे ऋषियों ने कहा है कि पहले शांत हो जाओ। फिर सोचो कि इस दुनिया में हम क्यों आए? यह संसार किसने बनाया? यह इतने व्यवस्थित ढंग से कैसे चल रहा है। न हमारी कोई ऊंगली छोटी होती है न बड़ी। न दिन और रात में कोई व्यतिक्रम होता है। न सूर्य के उगने और अस्त होने में कोई व्यतिक्रम होता है। आखिर यह व्यवस्था करता कौन है? मनुष्य के प्राणों पर किसका नियंत्रण है? तब समझ में आता है कि अरे हां, सब कुछ तो ईश्वर के अधीन है। हम तो उसकी कठपुतली हैं। सर्वं खल्विंद ब्रह्म या एको ब्रह्म द्वितीयो नास्ति। पुराने जमाने में ऋषि- मुनि घनघोर जंगलों में तपस्या करते रहते थे, साधना करते रहते थे। उन्हें हिंस्र पशुओं की चिंता नहीं रहती थी। बाघ- भालू का भय नहीं रहता था। आज तो लोग रात में निकलने से भी इसलिए डरते हैं कि बाघ- भालू भले न हों, मनुष्य रूपी राक्षस हमला कर देंगे। नर्मदा परिक्रमा करने वाले तो आज भी कहते हैं कि रास्ते के जंगलों में बाघ- भालू और जहरीले सांप- बिच्छू रहते हैं लेकिन वहां साधु निर्भय हो कर रहते हैं। यह अठारहवीं शताब्दी की घटना है। एक बार परमहंस योगानंद जी के गुरु स्वामी श्री युक्तेश्वर जी पुरी (ओड़ीशा) के अपने आश्रम के बाहर अपने शिष्यों के साथ बैठे हुए थे तभी पास की झाड़ी से एक सांप फुंफकारते हुए उनकी तरफ तेजी से आया। स्वामी श्री युक्तेश्वर जी उसे देख कर ताली बजाने लगे। ज्योंही सांप पास आया- वह बिल्कुल शांत हो गया और दूसरी तरफ मुड़ गया। वहां बैठे शिष्यों ने राहत की सांस ली। स्वामी श्री युक्तेश्वर जी ने बताया- हर प्राणी प्यार के वश में आ जाता है। उन्होंन उस सांप के पास प्यार का ताकतवर वाइब्रेशन भेजा। वह वश में आ गया। स्वामी श्री युक्तेश्वर जी का कहना था- इस ब्रह्मांड में हर प्राणी को रहने का अधिकार है। इसलिए हर प्राणी से प्यार करना चाहिए। आखिर हर प्राणी ब्रह्म का रूप है। यह है ऋषियों की वाणी। हम इससे अगर थोड़ी भी सीख लेते हैं तो हमें सुख मिलेगा।

Saturday, January 23, 2010

रमण महर्षि कहते थे- खुद से पूछो कि मैं कौन हूं

विनय बिहारी सिंह

रमण महर्षि को उनके भक्त भगवान कहते थे। यूरोप के लेखक पाल ब्रंटन ने जब उनके बारे में सुना तो भारत पहुंचे और रमण महर्षि के आश्रम में पहुंच गए। वहां रमण महर्षि से मिलते ही चकित रह गए। वे अद्भुत संत थे। एकदम शांत। ज्यादा बातचीत नहीं करते थे लेकिन उनके मौन में ही गहरी शांति रहती थी। पाल ब्रंटन ने उन पर किताब लिखी और वह पुस्तक विश्व विख्यात हो गई। फिर तो विश्व भर के लोग उनके पास आने लगे। जब लोगों को उन्होंने आभास दे दिया कि वे अपना शरीर छोड़ने वाले हैं तो उनके भक्त व्याकुल हो गए। ऐसा सरल और उच्चकोटि का संत अब वे कहां पाएंगे। भक्तों की एक टोली ने रोते हुए उनसे पूछा- भगवान, आपके जाने के बाद हम कैसे रह पाएंगे? रमण महर्षि ने कहा- मैं कहां जाऊंगा? मैं तो यहीं बना रहूंगा। यह वाक्य उनके भक्तों का सूत्र वाक्य बन गया। आज भी उनके वेबसाइट पर जाइए- यह वाक्य लिखा मिलेगा कि मैं कहां जाऊंगा। मैं तो यहीं रहूंगा। भक्तों को उनकी बातें सुन कर संतोष हुआ। रमण महर्षि ने संकेत दिया कि मृत्यु के बाद वे शरीर में तो नहीं रहेंगे, लेकिन उन सबके संपर्क में जरूर रहेंगे। उनकी मृत्यु के अनेक वर्ष हो गए लेकिन आज भी उनके भक्त कहते हैं कि भगवान (रमण महर्षि) उनके संपर्क में हैं। परमहंस योगानंद जी ने सन १९३६ में रमण महर्षि से मुलाकात की थी। यह भी अविस्मरणीय मुलाकात थी। परमहंस जी और रमण महर्षि दोनों उच्च कोटि के सन्यासी। रमण महर्षि से एक युवक ने कहा- मैं ध्यान करना चाहता हूं लेकिन मेरा मन थोड़ी देर भगवान में लगने के बाद उछल- कूद करने लगता है। क्या करूं? रमण महर्षि ने कहा- ईश्वर को जोर से पकड़े रहो। युवक ने कहा- पकड़े तो रहता हूं लेकिन ईश्वर हाथ से छूट जाते हैं और संसार की बातें मुझे घेर लेती हैं। रमण महर्षि हंसते हुए बोले- जब तक भगवान को पकड़े रहोगे, संसार की बातें तुम्हारे दिमाग में नहीं आएंगी। युवक ने कहा- मैं तो कोशिश करता ही हूं। रमण महर्षि ने कहा- तुम हार मत मानो। डटे रहो। तुम्हारा दिमाग तुम्हारा कहना मानने लगेगा। विल पावर को मजबूत करो। कमजोर को हर कोई परेशान करता है। लेकिन मजबूत को नहीं। मजबूत बनो। तब उस युवक की समझ में आ गया कि परेशान होने की जरूरत नहीं है। उत्साह के साथ प्रयास जारी रखना होगा। तब ईश्वर प्राप्त होंगे। रमण महर्षि और अन्य ऋषियों ने कहा है कि ईमानदारी से ध्यान करने वाले की मदद भगवान जरूर करते हैं। लेकिन जो लोग ध्यान करके तुरंत उसका फल चाहते हैं, उन्हें कुछ नहीं हासिल होने वाला है। वे लोग तो रिजल्ट चाहते हैं। भगवान के साथ प्यार में रिजल्ट की उम्मीद करने की जरूरत ही नहीं है। भगवान अंतर्यामी हैं और यह भी जानते हैं कि जो व्यक्ति उन्हें प्यार कर रहा है उसकी जरूरतें क्या हैं। वे अगर उचित समझते हैं तो उसे पूरा करते हैं। सबसे खराब से संशय। ईश्वर को लेकर संशय क्या है? फिर भी लोग ईश्वर को लेकर और रमण महर्षि या परमहंस योगानंद जी जैसे सन्यासियों की बातों के प्रति शंका करते हैं। रमण महर्षि ने कहा है- गाड हिमसेल्फ कम्स एज अ गुरु। यानी ईश्वर ही गुरु बन कर आते हैं। गीता में है- संशयात्मा विनश्ति। संशय करने वाला नष्ट हो जाता है। ईश्वर को लेकर अगर कोई संशय करता है तो यह आश्चर्य की ही बात है। रमण महर्षि यह भी कहा है- ईश्वर के प्रति पूर्ण शरणागति होनी चाहिए। यानी हे ईश्वर तुम्हीं सब कुछ हो, मैं कुछ नहीं। मेरी औकात ही क्या है। मैं तो तुम्हारे ऊपर आश्रित हूं। कृपा कीजिए भगवन। बस, इसी भाव से बढ़ते रहिए। आपको ईश्वरीय आनंद मिलता जाएगा।

Thursday, January 21, 2010

देह की यही नियति है

विनय बिहारी सिंह

पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की देह डीप फ्रीजर में रखी गई है। इसके पहले कई रसायनों से उसे सिंचित किया गया ताकि शरीर के भीतर जो तरल पदार्थ हैं वे सूख जाएं और शरीर डिहाइड्रेटेड हो जाए। डाक्टरों ने बताया है कि जब शरीर डिहाइड्रेशन के बाद बाहर आता है तो उसे पहचानना मुश्किल हो जाता है। उसकी पहचान दरअसल मिट जाती है। शरीर का रंग रूप पहचान करने लायक नहीं रह जाता। तो चाहे शरीर को जला कर राख कर दिया जाए या डीप फ्रीजर में रखा जाए, शरीर अपनी पहचान खो देगा। गीता के दूसरे अध्याय में भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन से कहा है- जैसे मनुष्य पुराने वस्त्रों को छोड़ कर नए वस्त्र पहनता है, ठीक उसी तरह यह आत्मा भी पुराने शरीर को छोड़ कर दूसरा शरीर धारण कर लेती है। आत्मा को न शस्त्र काट सकता है, न आग जला सकती है, न जल भिंगो सकता है और न वायु सुखा सकती है। आत्मा को अनेक विद्वान आश्चर्य की तरह देखते हैं। जिस देह के प्रति हम इतने आसक्त हैं, उसका क्या अंत है? यह जल कर राख हो जाएगी। धूल में मिल जाएगी। उसी धूल में जिस पर हम चलते हैं। तो क्या हम देह को भूल जाएं? नहीं भूलें नहीं लेकिन आसक्त भी न हों। इस शरीर के पोषण के लिए जो भी जरूरी हो, उसे जरूर करें लेकिन इसमें अनावश्यक आसक्ति न हो। यह शरीर युवावस्था में आकर्षक हो जाता है, तो लोग यह नहीं समझते कि यह शरीर यात्रा का एक चरण है। बस उसकी तरफ यूं आकर्षित होते हैं जैसे कोई अजूबा वस्तु देख रहे हों। शरीर में जो जीव है, उसकी तरफ न देख कर हम सिर्फ देह को ही देखते हैं। मैंने अपनी मां को चिता पर जलते बचपन में देखा है। उनका शरीर जैसे जैसे जल रहा था, छोटा होता जा रहा था। छोटा होते होते ऱाख बन गया। फिर उसे हमने गंगा जल को अंजुली में लेकर उस राख को गंगा के पवित्र जल में बहा दिया। मां जहां से आई थी, वहीं चली गई। हम भारी मन से घर आए। धीरे- धीरे मां के जाने का दुख खत्म हो गया। मैं हंसने, बोलने और खाने-पीने लगा। बड़ा होकर समझ पाया कि जो जन्मता है, उसे मरना होता है। सभी एक दिन मरेंगे। फिर बेचैनी और तनाव क्यों? ईश्वर से संबंध जोड़ कर उसकी निकटता की कोशिश करना ही तो हमारा असली काम है। वरना दुनिया में न जाने कितने चक्करों से हमें गुजरना पड़ता है। अगर इन चक्करों में ईश्वर को भूल जाएंगे तो हमारी रक्षा कौन करेगा? एकमात्र वही हमारे सहारा हैं। लेकिन कई लोग ईश्वर के बदले किसी देहधारी को अपना रक्षक मान लेते हैं। देहधारी तो खुद ही नश्वर है। जो शास्वत है, सर्वशक्तिमान है, सर्वग्य है और सर्वव्यापी है उसकी याद हम क्यों नहीं करें। वह हमारे साथ हमेशा है लेकिन हम उसके साथ हमेशा क्यों नहीं रहते। ऋषियों ने तो कहा ही है कि सर्वं खल्विदं ब्रह। सब कुछ ब्रह्म ही है।

Wednesday, January 20, 2010

वसंत पंचमी और मां सरस्वती



विनय बिहारी सिंह


आज वसंत पंचमी पर बात की जाए। चार भुजाओं वाली मां सरस्वती को श्वेत वस्त्रों में हाथ में वीणा लिए हुए दिखाया गया है। ये चार भुजाएं चार वेदों की प्रतीक हैं। ये चार भुजाएं मन, बुद्धि, चित्त और अहंकार पर नियंत्रण की भी प्रतीक हैं। वीणा दिव्य संगीत या ऊं का प्रतीक है। सरस्वती बुद्धि की देवी हैं, ग्यान की देवी हैं। विभिन्न प्रकार की कलाओं की देवी हैं- चाहे वह पेंटिंग हो या नृत्य, संगीत। उनकी सवारी हंस है। हंस के बारे में आध्यात्मिक व्याख्या है कि वह दूध और पानी को अलग कर देता है। यानी सार तत्व को ही ग्रहण करता है। ऐसा प्राणी मां सरस्वती का वाहन है। और हंस का रंग भी सफेद है। सफेद रंग शांति का प्रतीक है। गहरी शांति का। अगर आप पूर्ण रूप से शांत नहीं होंगे तो बुद्धि का उत्कृष्ट कार्य कर ही नहीं सकते। कोई भी अच्छा काम करना हो आपको एकाग्रता और शांति चाहिए। मां सरस्वती की पूजा यानी गहन अध्ययन बहुत जरूरी है। लेकिन आजकल सरस्वती पूजा के दिन मूर्तियों की पूजा का चलन बढ़ गया है। होड़ लगी है कि किसकी मूर्ति सुंदर और भव्य हो। इस पर खूब खर्च किया जाता है। लोगों से चंदा मांगा जाता है। मां सरस्वती की मूर्ति के पास ऐसे भौंडे गीत बजाए जाते हैं जिनका पूजा पाठ से कोई लेना देना नहीं है। ओछे से गीत। फिर खाने पीने का दौर चलता है। रात में कुछ युवक मूर्ति के पास बैठ कर शराब भी पीते हैं। यह क्या है? क्या सरस्वती मां की इस मूर्ति पूजा का वास्तविक पूजा से कोई संबंध है? बिल्कुल नहीं। रात दिन जोर जोर से लाउडस्पीकर बजा कर लोगों को डिस्टर्ब करना क्या सरस्वती पूजा है? और इतना खर्च तो भाई कोई अच्छी किताब खरीद कर कीजिए। सबको वह पुस्तक पढ़वाइए। तब तो मां सरस्वती की सच्ची पूजा होगी। वरना शोर- गुल और सजावट, मिठाई और भोजन बांटने से मां सरस्वती कैसे खुश होंगी, समझ से बाहर है। हां, पूजा पाठ बुरा नहीं है। लेकिन उसका एक शालीन तरीका है। मूर्ति पर हजारो खर्च करने से अच्छा है एक फोटो को फ्रेम करा कर और फूल- फल मिठाई चढ़ा कर पूजा की जा सकती है। मां सरस्वती के पूजा के मंत्रों का उच्चारण किया जा सकता है। लेकिन आजकल कई पूजा पंडालों में दिखावा ज्यादा हो जाता है। और मूर्ति के पास भौंडे गाने बजा कर आप क्या साबित कर रहे हैं। यह कैसी पूजा है भाई? शांति की देवी की पूजा शोर और भौंडे गाने से? अभी समय नहीं बीता है। हम फिर अपने ऋषियों की बातों को याद कर सकते हैं। मां सरस्वती के प्रतीकों का चिंतन- मनन कर सकते हैं। अपनी श्रेष्ठ परंपरा की तरफ लौटना सुखद ही है।